झारखंड के गांवों में परिवर्तन का वाहक बनेगा कृषि विश्वविद्यालय : रघुवर दास

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 20 Nov 2018 6:28 AM

विज्ञापन

रामकृष्ण मिशन आश्रम व कृषि विभाग के बीच हुआ एमओयू रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि कृषि और भारतीय संस्कारों को समर्पित यह कृषि विश्वविद्यालय झारखंड के गांवों में परिवर्तन का वाहक बनेगा. श्री दास ने यह बात सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में रामकृष्ण मिशन आश्रम, मोरहाबादी व झारखंड सरकार के कृषि विभाग […]

विज्ञापन
रामकृष्ण मिशन आश्रम व कृषि विभाग के बीच हुआ एमओयू
रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि कृषि और भारतीय संस्कारों को समर्पित यह कृषि विश्वविद्यालय झारखंड के गांवों में परिवर्तन का वाहक बनेगा.
श्री दास ने यह बात सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में रामकृष्ण मिशन आश्रम, मोरहाबादी व झारखंड सरकार के कृषि विभाग के बीच स्नातक एवं स्नातकोत्तर की पढ़ाई के लिए 150 नयी सीट के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किये जाने के मौके पर कही. रामकृष्ण मिशन विवेकानंद शिक्षण एंड शोध संस्थान, बेलूर मठ के कुलपति स्वामी आत्माप्रियानंद तथा कृषि निदेशक रमेश घोलप ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश का पहला ऐसा विश्वविद्यालय केंद्र होगा, जिसमें पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड एमएससी कोर्स कृषि, ग्रामीण विकास एवं ट्राइबल डेवलपमेंट पर चलाया जायेगा. रामकृष्ण मिशन विवेकानंद शिक्षण एवं शोध संस्थान का ऑफ कैंपस रामकृष्ण मिशन आश्रम, रांची (मोरहाबादी) को दो करोड़ 94 लाख रुपये के वार्षिक अनुदान की स्वीकृति दी गयी है.
झारखंड में कृषि को प्राथमिकता के रूप में लिया जा रहा है. राज्य में कृषि शिक्षण को बढ़ावा देने के लिए इस संस्थान को अनुदान दिया जा रहा है. अनुदान की राशि दो किस्तों में दी जायेगी.
राज्य के 150 युवाओं को कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में सशक्त करने के लिए इस संस्थान में दाखिला किया जायेगा. साथ ही इस संस्थान में तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग के पदों पर यहां के नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जायेगा. कृषि सचिव पूजा सिंघल ने बताया कि रामकृष्ण मिशन विवेकानंद शिक्षण एवं शोध संस्थान एक स्वीकृत डीम्ड विश्वविद्यालय है.
इसका एक स्वीकृत ऑफ कैंपस कैंपस रामकृष्ण मिशन आश्रम,रांची में एकीकृत ग्रामीण एवं आदिवासी विकास एवं प्रबंधन (आइआरटीडीएम)संकाय केंद्र के रूप में संचालित है. इस संस्थान में आइआरटीडीएम संकाय केंद्र द्वारा राज्य के युवाओं में शिक्षा एवं कौशल विकास के लिए राज्य में कृषि, ग्रामीण एवं आदिवासी विकास तथा कृषि आधारित उद्यमिता के विकास के लिए विभिन्न शैक्षिक एवं शोध पाठ्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं.
कृषि सचिव ने बताया कि विश्वविद्यालय में पूर्व से संचालित कोर्स के अलावा 150 सीटों की क्षमता वाले नये कोर्स बी शुरू किये जायेंगे. कृषि विज्ञान में स्नातक पाठ्यक्रम, तीन डिप्लोमा पाठ्यक्रम एवं तीन-तीन स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम जैसे नवीन पाठ्यक्रमों को संचालित किया जायेगा. पूर्व से संचालित पाठ्यक्रम यथावत चलते रहेंगे.
संस्थान के लिए गौरव की बात : स्वामी आत्माप्रियानंद
रामकृष्ण मिशन विवेकानंद शिक्षण एवं शोध संस्थान के कुलपति स्वामी आत्माप्रियानंद ने कहा कि यह संस्थान के लिए गौरव की बात है.
1969 में स्थापित रांची में यह संस्थान आने वाले दिनों में कृषि आजीविका और भारतीय संस्कारों के लिए पूरे देश में पथ प्रदर्शक विश्वविद्यालय होगा. मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार बर्णवाल व रामकृष्ण मिशन के स्वामी भवेशानंद भी मौजूद थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola