जैक स्थापना दिवस सह मेधा सम्मान समारोह में टॉपरों को दी गयीं शुभकामनाएं व नसीहत
Updated at : 03 Sep 2018 12:20 AM (IST)
विज्ञापन

रांची : विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने कहा कि किसी समाज व देश के विकास के लिए शिक्षा आवश्यक है. उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में कितना भी आगे क्यों न चले जायें, अपने समाज व देश को कभी नहीं भूलें. समाज के प्रति अपने दायित्व को निभायें. यह बातें उन्होंने रविवार को जैक […]
विज्ञापन
रांची : विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने कहा कि किसी समाज व देश के विकास के लिए शिक्षा आवश्यक है. उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में कितना भी आगे क्यों न चले जायें, अपने समाज व देश को कभी नहीं भूलें.
समाज के प्रति अपने दायित्व को निभायें. यह बातें उन्होंने रविवार को जैक के स्थापना दिवस सह मेधा सम्मान समारोह में कही. समारोह का आयोजन झारखंड एकेडमिक काउंसिल सभागार में किया गया. विधानसभा अध्यक्ष ने टॉपर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए कहा.
समारोह में वर्ष 2017-18 के मैट्रिक-इंटर, मध्यमा, इंटर वोकेशनल और मदरसा के टॉपराें को पुरस्कृत किया गया. फर्स्ट टॉपर को 21 हजार रुपये व स्वर्ण पदक, सेकेंड टॉपर को 15 हजार व रजत पदक व थर्ड टॉपर को कांस्य पदक व दस हजार रुपये का चेक दिया गया. इसके साथ मैट्रिक-इंटर के रिजल्ट के लिए बेस्ट स्कूल व कॉलेज एवं बेस्ट जिला को भी पुरस्कृत किया गया.
सिदो-कान्हो विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ मनोरंजन सिन्हा ने कहा कि उच्च शिक्षा में गुणवत्ता के लिए आवश्यक है कि प्लस टू स्तर की परीक्षा व रिजल्ट गुणवत्तायुक्त हो. कार्यक्रम में विनोद बिहारी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अंजनी कुमार श्रीवास्तव, जैक के सचिव रजनीकांत वर्मा समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे. धन्यवाद ज्ञापन जैक के उपाध्यक्ष फूल सिंह ने किया.
विधानसभा अध्यक्ष ने की 51 हजार देने की घोषणा
विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने मैट्रिक परीक्षा 2017 की दृष्टिहीन छात्रा मेधा मंडल व 2018 के सनत हंसदा को 51-51 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की. दोनों विद्यार्थियों को विधानसभा के स्थापना दिवस पर पुरस्कृत किया जायेगा. दोनों विद्यार्थी को जैक के स्थापना दिवस समारोह में भी पुरस्कृत किया गया. इसके अलावा विधानसभा के स्थापना दिवस पर टॉपर विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया जायेगा.
जैक और सक्रियता से करे काम : एपी सिंह
स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के प्रधान सचिव एपी सिंह ने कहा कि जैक स्कूल-कॉलेजों को मान्यता देने से संबंधित कार्य और सक्रियता से करे. इसकी निगरानी और कड़ाई के साथ करने की आवश्यकता है.
पढ़ाई में गुणवत्ता आवश्यक है. प्राइवेट स्कूल के साथ-साथ सरकारी विद्यालयों की भी जैक निगरानी करे. शिक्षा सचिव ने कहा कि विद्यालय इतने बेहतर ढंग से संचालित हों कि उसे भी अनुदान की आवश्यकता नहीं हो. जैक मैट्रिक-इंटर की परीक्षा के साथ-साथ अन्य परीक्षाओं का भी कैलेंडर बनाये. जैक कुछ मेधावी बच्चों को चयनित कर उसे लंबे समय के लिए छात्रवृत्ति दे.
डीजी लॉकर में रखा गया सर्टिफिकेट : डॉ अरविंद प्रसाद
झारखंड एकेडमिक काउंसिल के अध्यक्ष डॉ अरविंद प्रसाद सिंह ने कहा कि वर्ष 2007 से लेकर 2017 तक का सर्टिफिकेट डीजी लॉकर में रखा गया है. फर्जी प्रमाण पत्र रोकने के लिए सर्टिफिकेट में क्यू आर कोड का प्रावधान किया गया है. जैक का सभी कार्य लगभग ऑनलाइन कर दिया गया है. सीबीएसइ के अनुरूप पाठ्यक्रम को अपग्रेड किया गया है. इसका प्रस्ताव स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग को भेजा गया है.
उर्सुलाइन को बेस्ट कॉलेज का पुरस्कार
इंटरमीडिएट परीक्षा 2017 व 2018 के लिए उर्सुलाइन इंटर कॉलेज को बेस्ट कॉलेज का पुरस्कार दिया गया. कॉलेज की प्राचार्या डॉ सिस्टर मेरी ग्रेस ने पुरस्कार प्राप्त किया. पुरस्कार स्वरूप 25 हजार रुपये का चेक व प्रशस्ति पत्र दिया गया.
नेतरहाट व इंदिरा गांधी स्कूल बने बेस्ट विद्यालय : 2017 के मैट्रिक के रिजल्ट के लिए नेतरहाट आवासीय विद्यालय नेतरहाट व 2018 के रिजल्ट के लिए इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय हजारीबाग काे बेस्ट स्कूल का पुरस्कार दिया गया. नेतरहाट स्कूल के प्राचार्य संतोष सिंह व इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय की प्राचार्या विनिता कुमारी ने पुरस्कार प्राप्त किया. पुरस्कार स्वरूप इन्हें 25 हजार रुपये का चेक व प्रशस्ति पत्र दिया गया.
हजारीबाग के डीसी व डीइओ सम्मानित : वर्ष 2018 के मैट्रिक व इंटरमीडिएट रिजल्ट के लिए हजारीबाग के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला व डीइओ रतन कुमार सिंह को सम्मानित किया गया. वर्ष 2018 में राज्य में मैट्रिक व इंटर में हजारीबाग जिला का रिजल्ट सबसे बेहतर हुआ.
चतरा के डीसी व कोडरमा के डीइओ सम्मानित : वर्ष 2017 के मैट्रिक रिजल्ट के लिए चतरा के उपायुक्त जितेंद्र कुमार सिंह व इंटर के रिजल्ट के लिए कोडरमा के डीइओ शिव नारायण प्रसाद सिंह को भी सम्मानित किया गया. कोडरमा डीसी का भी सम्मान डीइओ ने प्राप्त किया
जैक अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का कार्यकाल 15 को होगा समाप्त
रांची. झारखंड एकेडमिक काउंसिल के अध्यक्ष डॉ अरविंद प्रसाद सिंह व उपाध्यक्ष फूल सिंह का कार्यकाल 15 सितंबर को समाप्त हो जायेगा. अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का कार्यकाल योगदान की तिथि से तीन वर्ष का होता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




