ePaper

Jharkhand education news : प्राथमिक स्कूलों में जनजातीय व क्षेत्रीय भाषा के 12 हजार शिक्षक होंगे नियुक्ति

Updated at : 15 Jul 2024 12:58 AM (IST)
विज्ञापन
Jharkhand education news : प्राथमिक स्कूलों में जनजातीय व क्षेत्रीय भाषा के 12 हजार शिक्षक होंगे नियुक्ति

राज्य के प्राथमिक विद्यालयों में जनजातीय व क्षेत्रीय भाषा में घंटी आधारित शिक्षकों की नियुक्ति होगी. इसके लिए जिलों से सर्वे कर रिपोर्ट मांगी गयी थी. जिला स्तर पर विद्यालय में शिक्षकों की आवश्यकता को लेकर सर्वे रिपोर्ट स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को भेज दी गयी है.

विज्ञापन

सुनील कुमार झा (रांची). राज्य के प्राथमिक विद्यालयों में जनजातीय व क्षेत्रीय भाषा में घंटी आधारित शिक्षकों की नियुक्ति होगी. इसके लिए जिलों से सर्वे कर रिपोर्ट मांगी गयी थी. जिला स्तर पर विद्यालय में शिक्षकों की आवश्यकता को लेकर सर्वे रिपोर्ट स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को भेज दी गयी है. जिलों द्वारा भेजी गयी रिपोर्ट के आधार पर जनजातीय व क्षेत्रीय भाषा में 12 हजार शिक्षकों की नियुक्ति होगी.

शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने शुरू कर दी है तैयारी

रिपोर्ट मिलने के बाद अब स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने नियुक्ति को लेकर तैयारी शुरू कर दी है. शिक्षकों के मानदेय भुगतान की राशि व अन्य आवश्यक प्रक्रिया को लेकर प्रस्ताव कैबिनेट में भेजा जायेगा. शिक्षकों की नियुक्ति प्राथमिक विद्यालय में उन भाषाओं में की जायेगी, जहां कक्षा एक से पांच में प्रति कक्षा न्यूनतम 10 विद्यार्थी उक्त भाषा को बोलने वाले है. किसी विद्यालय में अगर प्रति कक्षा एक से अधिक भाषा बोलने वाले 10 या उससे अधिक विद्यार्थी नामांकित तो एक से अधिक भाषा में शिक्षक की नियुक्त की जायेगी. जुलाई में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी.

जिला स्तर पर उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित होगी कमेटी

शिक्षकों की नियुक्ति के लिए जिला स्तर पर उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटी गठित होगी. शिक्षक नियुक्ति के लिए मेरिट लिस्ट तैयार करने का मानक तैयार कर लिया गया है. मैट्रिक, इंटर, इंटर में जनजातीय व क्षेत्रीय भाषा का प्राप्तांक, स्नातक, स्नातकोत्तर व प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण के प्राप्तांक के आधार पर अंक दिया जायेगा. मैट्रिक, स्नातक के लिए 20-20 अंक निर्धारित किये गये हैं. इंटर के लिए 30 अंक व इंटर में जनजातीय, क्षेत्रीय भाषा, स्नातकोत्तर व प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण परीक्षा के अंक के लिए 10-10 अंक निर्धारित किया गया है.

इन भाषाओं में होगी नियुक्ति

राज्य के 15 जनजातीय व क्षेत्रीय भाषा में शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी. विद्यालयों में संथाली, हो, खड़िया, कुड़ुख, मुंडारी, माल्तो, बिरहोरी, भूमिज, असुर, बांगला, उड़िया, पंचपरगनिया, खोरठा, कुरमाली व नागपुरी भाषा में शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी.

इंटर में 45% अंक अनिवार्य

आवेदन जमा करने के लिए अभ्यर्थी का इंटर 45 फीसदी अंक होना अनिवार्य है. इसके अलावा अभ्यर्थी जिस विषय में नियुक्ति के लिए आवेदन जमा करेंगे, उस विषय में इंटर में पास होना अनिवार्य है. अभ्यर्थियों के लिए उम्र सीमा 21 से 45 वर्ष निर्धारित की गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola