रामगढ़ में बेमौसम बारिश में जलजमाव, सड़कों पर बहा नाली का पानी

रामगढ़ में बेमौसम बारिश में जलजमाव
Ramgarh News: रामगढ़ में बारिश की वजह से कई जगह पानी भर गया है. सड़कों पर नालियों का पानी बह रहा है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है.
रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
Ramgarh News: रामगढ़ जिले में पिछले दो-तीन दिनों से हो रही बेमौसम बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. पुराने NH-33 सहित कई प्रमुख सड़कों पर नालियों का पानी बहने लगा, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ.
कुछ देर की बारिश में बिगड़े हालात
सोमवार को हुई झमाझम बारिश के बाद रामगढ़ कॉलेज जाने वाले रास्ते, पंचवटी अपार्टमेंट, प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ आवास और लघु सिंचाई प्रमंडल कार्यालय के समीप सड़कों पर पानी भर गया. महज आधे घंटे की बारिश में सड़क और नाली के पानी में फर्क करना मुश्किल हो गया.
आवागमन प्रभावित, बढ़ा हादसे का खतरा
मेन रोड समेत कई स्थानों पर जलजमाव के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ा. फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी.
नालियों की सफाई जरूरी: दामोदर महतो
टायर मोड़ निवासी समाजसेवी दामोदर महतो ने बताया कि पटेल चौक से सुभाष चौक तक कई स्थानों पर जलजमाव की समस्या बनी रहती है. हल्की बारिश में ही आवागमन प्रभावित हो जाता है, जबकि बरसात में स्थिति और खराब हो जाती है. उन्होंने नालियों की नियमित सफाई की मांग की.
नालियों का पानी सड़क पर बहने से लोग परेशान: रोहित कुमार
स्थानीय निवासी रोहित कुमार ने कहा कि पंचवटी अपार्टमेंट के सामने एनएच-33 पर हल्की बारिश के बाद ही नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगता है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी होती है.
कई इलाकों में जलजमाव: गौतम महतो
छात्र नेता गौतम महतो ने बताया कि शहर की नाली व्यवस्था काफी खराब है. पंचवटी, ब्लॉक चौक, बस स्टैंड और फुटबॉल मैदान के आसपास लगातार जलजमाव की स्थिति बनी रहती है, जिससे छात्रों और आम लोगों को परेशानी होती है.
नाली निर्माण और सफाई दोनों जरूरी: संजीव कुमार साहू
समाजसेवी संजीव कुमार साहू ने कहा कि रामगढ़ में जल निकासी व्यवस्था कमजोर है. मेन रोड के दोनों ओर नालियों का निर्माण होना चाहिए और मौजूदा नालियों की नियमित सफाई भी जरूरी है, ताकि जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके.
जल निकासी के लिए बनाई जा रही योजना: इंजीनियर
पथ निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर राजकुमार मुर्मू और आयुषी सरार्फ ने बताया कि पटेल चौक से सांडी एनएच-33 तक जल निकासी के लिए विभाग योजना तैयार कर रहा है. स्वीकृति मिलने के बाद सड़क किनारे नालियों का निर्माण कर समस्या का समाधान किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: चतरा में दर्दनाक हादसा: नवादा गांव में कुएं में गिरने से महिला की मौत, पटवन के दौरान फिसला था पैर
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में गैंगवार की आहट: धातकीडीह के गामा होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग, भाग रहे दो हमलावर गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रिया गुप्ता
प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










