डर नहीं, भरोसे के साथ दें बोर्ड परीक्षा : प्राचार्य
Published by : SAROJ TIWARY Updated At : 08 Feb 2026 11:29 PM
डर नहीं, भरोसे के साथ दें बोर्ड परीक्षा : प्राचार्य
17 फरवरी से शुरू हो रही है सीबीएसइ 10वीं व 12वीं की परीक्षा एडमिट कार्ड के निर्देशों का पालन करते हुए समय से परीक्षा केंद्र पहुंचे भुरकुंडा. सीबीएसइ की कक्षा 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा 17 फरवरी से शुरू हो रही है. परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी हो चुका है. बच्चे परीक्षा की अंतिम तैयारी में जी-जान से जुटे हैं. ऐसे में अब परीक्षा से ठीक पहले विद्यार्थियों को किन बातों पर विशेष ध्यान देना चाहिए, इस संबंध में श्री अग्रसेन स्कूल, भुरकुंडा के प्राचार्य विवेक प्रधान ने उनका मार्गदर्शन किया है. प्राचार्य ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड में दर्ज सभी निर्देशों को गंभीरता से पढ़ना और उसका पालन करना चाहिए. सुबह 10 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी. ऐसे में विद्यार्थियों को यातायात के साधनों व दूरी को ध्यान में रखते हुए समय से पहले परीक्षा केंद्र के लिए निकलना चाहिए. परीक्षा केंद्र में विद्यार्थियों को विद्यालय की निर्धारित यूनिफॉर्म में ही जाना चाहिए. अपने साथ केवल एडमिट कार्ड, आइडी कार्ड व आवश्यक स्टेशनरी सामग्री ही रखना चाहिए. मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाना वर्जित है. सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए. किसी भी जानकारी के लिए केवल अपने विद्यालय या सीबीएसइ की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें. बोर्ड परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण अवश्य है, लेकिन यह डरने का नहीं बल्कि आत्मविश्वास दिखाने का अवसर है. विद्यार्थियों ने पूरे वर्ष नियमित अध्ययन किया है. अब समय है उस तैयारी पर पूरा विश्वास रखने का. परीक्षा के दौरान शांत मन से प्रश्न पत्र पढ़ें. जल्दबाजी से बचें व जो आता है, उसे पूरे आत्मविश्वास के साथ लिखें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










