NGT की रोक के बावजूद पतरातू में धड़ल्ले से बालू उठाव, प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल
पतरातु रांची मुख्य सड़क मार्ग पर बालू ले जाता ट्रैक्टर | Prabhat Khabar Network
पतरातू में एनजीटी के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए दामोदर नदी से अवैध बालू का उठाव जारी है। प्रशासन की चुप्पी पर स्थानीय लोगों ने उठाए गंभीर सवाल।
पतरातू: एनजीटी की रोक के बावजूद पतरातू क्षेत्र में दामोदर नदी से अवैध बालू का उठाव जोरों पर है. रेलवे कॉलोनी के पीछे नदी क्षेत्र व टोकिसूद दामोदर नदी में पोकलेन व जेसीबी मशीन लगाकर दिनदहाड़े बालू उठाव किया जा रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार रेलवे कॉलोनी जिस स्थान से बालू निकाला जा रहा है, वह अधिकृत बालू घाट भी नहीं है. बताया जा रहा है कि कुछ ग्रामीण कथित रूप से बालूघाट के संवेदक से सांठगांठ कर नदी से बालू उठाव करवा रहे हैं. मशीनों से बालू निकालकर ट्रैक्टरों में लोड किया जाता है और प्लास्टिक के तिरपाल से ढककर जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है. आरोप है कि बालू की बिक्री मनमाने दाम पर की जा रही है.
दिनदहाड़े उठाव, कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि संबंधित स्थल अधिकृत बालू घाट नहीं है और एनजीटी की रोक के बावजूद वहां बालू उठाव हो रहा है, तो यह गतिविधि कैसे जारी है. ग्रामीणों ने संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं. लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक स्तर पर मिलीभगत के बिना इस तरह खुलेआम मशीनों और ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू का उठाव संभव नहीं है.
खनन पदाधिकारी ने नहीं उठाया फोन
मामले में जिला खनन पदाधिकारी राहुल कुमार से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया.
जांच और कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं खनन विभाग से पूरे मामले की तत्काल जांच कराने, नदी से अवैध बालू उठाव पर रोक लगाने तथा पोकलेन, जेसीबी और ट्रैक्टरों के संचालन की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










