रजरप्पा मंदिर मार्ग के जनियामारा पहुंचा 22 हाथियों का झुंड, श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में दहशत

Updated:
विज्ञापन

फोटो फाइल : 9 चितरपुर बी - जनियामारा जंगल पहुंचा वन विभाग के क्यूआरटी टीम | Prabhat Khabar Network

रजरप्पा मंदिर मार्ग के जनियामारा जंगल में 22 जंगली हाथियों का झुंड पहुंचने से हड़कंप मच गया है। वन विभाग ने श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह दी है।

विज्ञापन

रजरप्पा से सुरेंद्र कुमार की रिपोर्ट

रजरप्पा : चितरपुर-रजरप्पा मंदिर मार्ग के जनियामारा जंगल के समीप 22 जंगली हाथियों का झुंड पहुंचने से श्रद्धालुओं, दुकानदारों और आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. शनिवार और रविवार को हाथियों का झुंड रजरप्पा मंदिर से करीब एक किलोमीटर पूर्व स्थित स्वागत तोरण द्वार के समीप से गुजरता देखा गया. इसके बाद से झुंड जनियामारा जंगल में ही विचरण कर रहा है.

हाथियों के मुख्य मार्ग में पहुंचने से भुचूंगडीह सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गयी है. रजरप्पा स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां छिन्नमस्तिके मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. सावन के कारण इन दिनों मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी अधिक है.

ऐसे में मंदिर पहुंचने वाले मुख्य मार्ग के समीप हाथियों के झुंड की मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है. ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर हाथियों को आबादी और मुख्य मार्ग से दूर सुरक्षित स्थान की ओर खदेड़ने की मांग की है.

पिछले वर्ष हाथी ने ली थी एक व्यक्ति की जान

जनियामारा क्षेत्र में हाथियों का विचरण ग्रामीणों के लिए पहले भी परेशानी का कारण रहा है. 29 अगस्त 2025 को जंगली हाथियों ने जनियामारा के समीप गोला प्रखंड के मुरपा निवासी मुस्ताक अंसारी (52 वर्ष) को पटककर मार डाला था. इस घटना के बाद अब एक बार फिर हाथियों का बड़ा झुंड पहुंचने से ग्रामीणों में भय बढ़ गया है. लोगों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने की मांग की है.

22 हाथियों के झुंड में कई शावक भी शामिल

वन विभाग के प्रधान वनरक्षी शंकर उरांव ने बताया कि हाथियों के विचरण की सूचना मिलते ही एलिफेंट क्यूआरटी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया. 22 हाथियों के झुंड में कई शावक भी शामिल हैं. फिलहाल हाथियों का झुंड जनियामारा जंगल में भैरवी नदी के किनारे मौजूद है.

वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है. उन्होंने आम लोगों से जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की. साथ ही रजरप्पा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और चितरपुर-रजरप्पा मार्ग से गुजरने वाले लोगों से सावधानीपूर्वक आवागमन करने को कहा है. वन विभाग की टीम हाथियों को सुरक्षित दिशा में ले जाने के लिए उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है.


विज्ञापन
शंकर चंद्र पोद्दार

लेखक के बारे में

By शंकर चंद्र पोद्दार

शंकर चंद्र पोद्दार को प्रिंट एवं डिजिटल पत्रकारिता में विशेष रुचि है. वह राजनीति, समाज, शिक्षा तथा क्षेत्रीय घटनाओं और जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों को निष्पक्ष एवं तथ्यपरक ढंग से प्रमुखता के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. पिछले लगभग 12 वर्षों से प्रभात खबर के साथ जुड़कर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं. उनका उद्देश्य जनसरोकार के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते हुए समाज और प्रशासन के बीच एक सशक्त संवाद स्थापित करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola