रजरप्पा प्रबंधन व वन विभाग की टीम ने भुचूंगडीह में की छापामारी, 100 टन कोयला बरामद

Published by : SAROJ TIWARY Updated At : 22 May 2026 10:56 PM

विज्ञापन

रजरप्पा प्रबंधन व वन विभाग की टीम ने भुचूंगडीह में की छापामारी, 100 टन कोयला बरामद

विज्ञापन

रजरप्पा. सीसीएल रजरप्पा के सुरक्षा विभाग एवं वन विभाग ने शुक्रवार को अवैध कोयला के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया. इस दौरान रजरप्पा के भुचूंगडीह जंगल से लगभग 100 टन अवैध कोयला बरामद किया गया है. यहां से कोयले को जब्त कर सीसीएल रजरप्पा के वाशरी हॉपर में रखा गया. 22 मई को प्रभात खबर अखबार में अवैध कोयला खनन से उजड़ रहे हैं जंगल, प्राकृतिक सुंदरता पर संकट शीर्षक से प्रमुखता के साथ समाचार प्रकाशित किया गया था. इसके बाद छापामारी कर बड़े पैमाने पर कोयला जब्त किया गया. सूत्रों ने बताया कि पिछले कई माह से भुचूंगडीह, लेढ़ीटुंगरी, जनियामारा, मंदिर घाट, चिलम टुंगरी आदि जगहों से कोयले का अवैध खनन कर रजरप्पा के विभिन्न जंगलों में छिपा कर जमा किया जाता है. इसके बाद हाइवा और ट्रकों से गोला एवं रामगढ़ की कई फैक्ट्रियों में कोयले को भेजा जाता है. कोयले का अवैध खनन होने से सरकार और सीसीएल को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है. छापामारी अभियान में सीसीएल रजरप्पा के क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी आशीष झा, वन विभाग के फोरेस्टर यशवंत कुमार, वनरक्षी रंजीत कुमार, वरीय सुरक्षा निरीक्षक रामचंद्र मांझी, सुरक्षा निरीक्षक अरुण कुमार राणा, नरेंद्र तांती सहित सुरक्षा विभाग के कई जवान और होमगार्ड के जवान मौजूद थे. लेढ़ी टुंगरी में अब भी पड़ा है हजारों टन कोयला : सूत्रों ने बताया कि रजरप्पा जंगल के लेढ़ी टुंगरी स्थित अवैध खनन स्थल में कई सुरंगनुमा खदानें बना दी गयी हैं. यहां अब भी हजारों टन अवैध कोयला पड़ा है. चर्चा है कि पिछले दिन यहां से लगभग एक दर्जन से अधिक हाइवा वाहनों से अवैध कोयला निकाल कर गोला की एक फैक्ट्री में पहुंचाया गया है. एक सप्ताह में 392 टन कोयला जब्त : रजरप्पा प्रबंधन पिछले एक सप्ताह से लगातार ताबड़तोड़ छापामारी कर रहा है. यहां 15 मई को भुचूंगडीह से 210 टन कोयला जब्त किया गया था. 19 मई को भुचूंगडीह की रेलवे लाइन के समीप से 52 टन, 20 मई को चिलमटुंगरी के समीप से लगभग 30 टन और 22 मई को भुचूंगडीह जंगल से लगभग 100 टन कोयला जब्त किया गया.

विज्ञापन
SAROJ TIWARY

लेखक के बारे में

By SAROJ TIWARY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola