ट्रिपल राइडिंग और नियम तोड़ने वालों पर हुई कार्रवाई

चितरपुर-रजरप्पा मार्ग पर जिला प्रशासन ने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर जुर्माना लगाया गया और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
चितरपुर. सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. शनिवार को रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर चितरपुर-रजरप्पा मुख्य मार्ग पर विशेष वाहन जांच एवं हेलमेट जांच अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने किया. इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दर्जनों वाहनों का चालान काटा गया और जुर्माना वसूला गया. अभियान के दौरान डीटीओ श्री एक्का ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण कवच है. उन्होंने कहा कि दुर्घटनाएं कभी भी हो सकती हैं, इसलिए प्रत्येक दोपहिया चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना चाहिए. शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर भी जांच की जायेगी. उन्होंने लोगों से सीट बेल्ट लगाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की. अभियान में परिवहन विभाग के अधिकारियों, कर्मियों एवं स्थानीय थाना पुलिस के जवानों ने भी भाग लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










