पलामू विश्व आदिवासी दिवस पर निकली प्रभात फेरी, झांकियों ने मोहा लोगों का मन
कार्यक्रम में शामिल डीसी व अन्य | Prabhat Khabar Network
विश्व आदिवासी दिवस पर पलामू जिला प्रशासन ने प्रभात फेरी निकाली। डीसी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, विद्यार्थियों की झांकियां रहीं आकर्षण का मुख्य केंद्र।
पलामू: पलामू जिला प्रशासन द्वारा विश्व आदिवासी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर रविवार को प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। छह मुहान स्थित डीसी आवास से प्रभात फेरी शुरू हुई और पुलिस स्टेडियम में इसका समापन हुआ।
प्रभात फेरी के माध्यम से विश्व आदिवासी दिवस के महत्व, आदिवासी समाज की समृद्ध कला-संस्कृति, परंपराओं व उनके गौरवशाली इतिहास का संदेश आमजनों तक पहुंचाया गया। डीसी श्री शेखावत ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस झारखंड के विभिन्न हिस्सों में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पलामू जिले में भी कई जगहों पर कार्यक्रमों का आयोजन हुआ है। इसे लेकर आदिवासी समुदाय के साथ अन्य वर्गों में भी खासा उत्साह है।
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के गठन के बाद सरकार द्वारा आदिवासी समाज के सामाजिक, शैक्षणिक व आर्थिक विकास की दिशा में कार्य किया जा रहा है। आदिवासी समाज की समृद्ध परंपरा, विरासत व संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता होनी चाहिए।
डीसी ने प्रभात फेरी में शामिल विद्यार्थियों व कलाकारों की विभिन्न झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवलोकन किया। उन्होंने उनके मनमोहक कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा की भी तारीफ की।
आकर्षण का केंद्र रहीं विद्यार्थियों की झांकियां
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर प्रशासन द्वारा आयोजित प्रभात फेरी में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ आदिवासी वेशभूषा में भाग लिया। मांदर की थाप पर थिरकते हुए छात्र-छात्राओं ने आदिवासी गीत प्रस्तुत किए। संत मरियम स्कूल व ग्रीन वैली इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
ग्रीन वैली स्कूल के विद्यार्थियों ने झारखंड के आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों व वीर सपूतों की वेशभूषा धारण कर उनके योगदान को प्रदर्शित किया। इसी तरह संत मरियम स्कूल के विद्यार्थी राजा मेदिनीराय, धरती आबा बिरसा मुंडा, नीलांबर-पीतांबर व दिशोम गुरु शिबू सोरेन की भूमिका में दिखे। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय के माध्यम से झारखंड के इतिहास, आदिवासी समाज के संघर्ष और योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
संत मरियम स्कूल की छात्राओं का सांस्कृतिक नृत्य मनमोहक रहा। प्रभात फेरी डीसी आवास से निकलकर छह मुहान, बाजार क्षेत्र, साहित्य समाज चौक होते हुए पुलिस स्टेडियम पहुंची। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार, डीसीएलआर प्यारे लाल, एपीआरओ अजित कुमार, अविनाश देव, प्रदीप नारायण, ट्रैफिक प्रभारी रुद्रानंद सरस सहित कई पदाधिकारी, शिक्षक व विद्यार्थी शामिल रहे।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










