पंचायत भवन में बड़ी चोरी: ताला काटकर 4 लाख का सरकारी सामान ले उड़े चोर, जांच में जुटी पुलिस
कजरी पंचायत भवन से सभी सामान की चोरी | Prabhat Khabar Network
पड़वा थाना क्षेत्र के कजरी पंचायत भवन में चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये का सरकारी सामान चोरी कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पड़वा,पलामू: थाना क्षेत्र के कजरी पंचायत भवन में देर रात चोरों ने मुख्य द्वार का ताला काटकर करीब चार लाख रुपये के सरकारी सामान की चोरी कर ली. घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह ग्रामीणों के पंचायत भवन के पास पहुंचने पर हुई. ग्रामीणों ने इसकी सूचना मुखिया पति महाराणा प्रताप सिंह को दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
मौके पर पहुंचने पर उन्होंने मुख्य द्वार का ताला टूटा पाया और तत्काल पड़वा थाना प्रभारी को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही एसआइ चिंटू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने ग्रामीणों और पंचायत कर्मियों से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है.
पंचायत सचिव कुसुम भारती ने भी पड़वा थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी गये सामान की जानकारी दी है.
ये सामान ले गये चोर
आवेदन के अनुसार, चोर एक एलसीडी टीवी, एक डीटीएच बॉक्स, एक कूलर, एक वॉल फैन, दो एक्साइड इनवर्टर बैटरी, एक स्टेबलाइजर, दो रिवॉल्विंग चेयर, तीन सोलर प्लेट, एक प्रिंटर, तीन पुराने सबमर्सिबल पंप, 20 प्लास्टिक कुर्सियां, एक बंडल गार्डन पाइप और एक केंट आरओ प्यूरिफायर समेत अन्य सामान ले गये.
फोरलेन के किनारे पंचायत भवन, फिर भी चोरी
पंचायत भवन फोरलेन सड़क के किनारे स्थित है, जहां दिन-रात वाहनों की आवाजाही रहती है. आसपास ग्रामीणों के घर भी हैं और पुलिस की गश्त भी होती है. इसके बावजूद चोरी की घटना पुलिस के लिए चुनौती बन गयी है. घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








