मेदिनीनगर में बड़ा हादसा: बालू लदा हाइवा पलटा, दबकर 28 वर्षीय युवक की मौत; सड़क पर उतरे लोग
घटनास्थल व जाम करते परिजन | Prabhat Khabar Network
मेदिनीनगर में बालू लदे हाईवा के पलटने से 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत। आक्रोशित लोगों ने शव के साथ ढाई घंटे तक सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की।
मेदिनीनगर,पलामू : शहर के केजी स्कूल रोड में बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप शुक्रवार को बालू लदे 18 चक्का हाइवा के पलटने से 28 वर्षीय कौशल सिंह उर्फ संटू सिंह की दबकर मौत हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने शव के साथ सदिक चौक को करीब ढाई घंटे तक जाम कर दिया. सदर एसडीओ संजय पांडेय और शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया.
जानकारी के अनुसार, कौशल सिंह शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे काम के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान केजी स्कूल मेन रोड पर बालू लदा हाइवा बालू गिराने के दौरान अचानक दाहिनी ओर झुक गया. देखते ही देखते हाइवा बिजली के पोल को तोड़ते हुए पलट गया और उसकी चपेट में कौशल सिंह आ गये. हाइवा के नीचे दबने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी.
तीन क्रेन की मदद से निकाला गया शव
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीन क्रेन लगाकर किसी तरह हाइवा के नीचे दबे शव को बाहर निकाला गया. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक हाइवा को पूरी तरह सीधा नहीं किया जा सका था.
मृतक के पिता श्याम किशोर सिंह ने बताया कि उनका बेटा काम के लिए घर से निकला था. उन्होंने हाइवा मालिक और चालक के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने परिवार के लिए उचित मुआवजा देने तथा मृतक के दो छोटे बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और भरण-पोषण की व्यवस्था करने की मांग की.
ढाई घंटे सड़क जाम
कौशल सिंह की मौत से आक्रोशित लोगों ने शव के साथ सदिक चौक को दोपहर करीब 12 बजे जाम कर दिया. करीब ढाई बजे तक जाम रहने से चारों ओर से आने-जाने वाले वाहनों का परिचालन प्रभावित रहा. सूचना मिलने पर सदर एसडीओ संजय पांडेय और शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया. अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया.
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








