पलामू के सिक्का गांव में छठी मौत, रिम्स में इलाजरत लाखो देवी ने तोड़ा दम

गांव में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम और मौजूद ग्रामीण (फाइल फोटो)
पलामू जिले के सिक्का गांव में मिलावटी सरसों तेल का कहर जारी है, जिससे अब तक छह लोगों की जान जा चुकी है। अंधविश्वास के चलते परिवार ने समय पर इलाज नहीं कराया, जिससे स्थिति गंभीर हो गई।
पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
Palamu Sikka Village : पलामू जिले के पड़वा प्रखंड के सिक्का गांव के रिम्स में इलाजरत लाखो देवी की मंगलवार की रात्रि करीब 2:35 बजे मौत हो गई. परिवार में पिछले 20 दिनों में छह सदस्यों की मौत हो चुकी. कुलदीप महतो का बड़ा पुत्र अनुज मेहता सिक्का गांव घर पर है, जबकि छोटा छोटा पुत्र सुनील मेहता रिम्स में इलाजरत है. मौत का कारण सरसों तेल में मिलावटी जहरीला आर्गेमोन मेक्सिकाना एक कांटेदार खर-पतवार बीज बताया गया है. पीड़ित परिवार जो सरसों तेल का इस्तेमाल कर रहा था उसमें आर्गेमोन मेक्सिकाना (Argemone mexicana) का तेल मिला हुआ था. स्वास्थ्य विभाग और फूड सेफ्टी की टीम ने पीड़ित परिवार के घर में खानपान की सामग्री और सरसों तेल का सैंपल लिया था. जिसके बाद जांच रिपोर्ट में सरसों तेल में मिलावटी बताया गया था.
अंधविश्वास के फेर में उजड़ रहा कुनबा
इस दुखद घटना के पीछे अंधविश्वास का एक बड़ा पहलू सामने आया है. पिता कुलदीप महतो और पुत्री बबीता कुमारी की मौत के बाद परिवार के अन्य बीमार सदस्य इलाज कराने के बजाय झाड़-फूंक के चक्कर में पड़े थे. इसी ओझा-गुणी के फेर में आकर वे बार-बार डॉक्टरों को चकमा देकर अस्पताल से भाग रहे थे. समय पर सही इलाज न मिलने और झाड़-फूंक में वक्त बर्बाद होने के कारण बीमारी बढ़ती गई. जिसके कारण परिवार में छह लोगों की जान चली गई. छतरपुर विधानसभा के क्षेत्रीय विधायक सह राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने रिम्स में इलाजरत लाखो देवी से मिलने गए थे. डॉक्टर को टीम के साथ बैठक कर बीमारी के जानकारी ली थी. बेहतर इलाज के निर्देश दिए थे. रिम्स के डॉक्टरों की टीम इलाज में कोई कसर नहीं छोड़ी. लेकिन काफी स्वास्थ्य खराब होने के कारण नहीं बच पाई.

लगातार मौतों से सिक्का गांव में दहशत
सिक्का गांव में लगातार मौत होने से इलाके में दहशत हो गई है. कुलदीप महतो की मौत 19 जून की मध्य रात्रि और पुत्री बबीता कुमारी की 20 जून की सुबह करीब 8बजे मौत हो गई थी. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ श्रवण कुमार मेहता ने काफी प्रयास के बाद पीड़ितों को रांची रिम्स भेजवाया था.
घर में पसरा मातम, बड़ा बेटा अनुज अकेला
सिक्का गांव में कुलदीप महतो सहित परिवार के सदस्यों की मौत के बाद घर में सन्नाटा पसरा हुआ है. परिवार में श्राद्ध कार्यक्रम नहीं हो पाया है. घर में सिर्फ बड़ा बेटा अनुज मेहता है. वह भी गांव में इधर-उधर घूम कर समय बिता रहा है. उसे उम्मीद था कि मां लाखो देवी बच जाएगी. कल रांची रिम्स में मिलने भी गया था, लेकिन ईश्वर को कुछ और मंजूर था. अनुज का छोटा भाई सुनील भी रिम्स में इलाजरत है. बताया जाता है कि हार्टबीट काफी ज्यादा बढ़ा रहा है. किडनी में इंफेक्शन के कारण परेशानी हो रही है. ग्रामीण ने बताया कि सुनील घूम फिर रहा है बात भी कर रहा है, लेकिन बीमारी में सुधार नहीं है. गांव के लोग लाखो देवी के शव का इंतजार कर रहे हैं. बड़ा बेटा अनुज सभी परिवार का मुखाग्नि दिया है. वह अपने आप को काफी अभागा मान रहा है. वह समझ नहीं पा रहा है कि कुछ दिनों में उसका सारा परिवार अज्ञात बीमारी की चपेट में आने से मौत जाएगी. इस घटना पर गांव के लोग भी कुछ बोल नहीं पा रहे हैं.
कब किसकी मौत ?
- 19 जून को परिवार के मुखिया कुलदीप महतो की रात में अचानक मौत हो गई थी.
- 20 जून अगले ही दिन सुबह करीब आठ बजे पुत्री बबीता कुमारी ने भी दम तोड़ दिया.
- 26 जून शुक्रवार की रात इलाज के दौरान नाबालिग पुत्री इंदु कुमारी (16 वर्ष) की मौत हो गई थी.
- 27 जून शनिवार की देर शाम कुलदीप महतो की पुत्रवधू श्वेता देवी (28 वर्ष) व 29 जून की रात में नकुल मेहता की मौत इलाज के दौरान रिम्स में हुई थी. जबकि सात जुलाई की रात्रि 2:35 बजे लाखो देवी को हो गई.
फूड लैब रिपोर्ट में आर्गेमोन तेल की पुष्टि
फूड टेस्टिंग लैबोरेट्री रांची ने पलामू स्वास्थ्य विभाग को भेजे रिपोर्ट में साफ तौर पर लिखा आर्गेमोन का तेल स्वास्थ्य के लिए बेहद ही खतरनाक है. मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में डॉक्टरों ने भी आशंका जताया था कि आर्गेमोन मैक्सिकाना मिला हुआ है. यह तेल बेहद ही खतरनाक होता है, तेल का इस्तेमाल जानवरों के इलाज के लिए किया जाता है.
ये भी पढ़ें: वृद्धा पेंशन पर बैंक की लापरवाही से बुजुर्ग की मौत; CM हेमंत सोरेन ने लिया संज्ञान, कड़ी कार्रवाई का निर्देश
ये भी पढ़ें: Jharkhand Weather: अगले 4 दिनों तक झारखंड के इन जिलों में भारी बारिश, तेज हवा का येलो अलर्ट
ये भी पढ़ें: हाईवे पर दिनदहाड़े युवतिओं की कार पर हमला, स्कॉर्पियो सवार सनकियों ने पीछा कर तोड़ा शीशा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Priya Gupta
प्रिया गुप्ता पिछले एक वर्ष से प्रभात खबर में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










