ईद मिलादुन्नबी पर हरिहरगंज में निकला जुलूस, अमन और भाईचारे का दिया संदेश
जुलूस-ए-मोहम्मदी में शामिल अकीदतमंद| Prabhat Khabar Network
हरिहरगंज में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। हजारों अकीदतमंदों ने पैगंबर साहब की शिक्षाओं को याद कर अमन और भाईचारे का संदेश दिया।
हरिहरगंज. ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को हरिहरगंज शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जश्न का माहौल रहा. मुस्लिम धर्मावलंबियों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिवस हर्षोल्लास, अकीदत और आपसी भाईचारे के साथ मनाया. इस अवसर पर शहर और गांव की गलियों को इस्लामी परचम, आकर्षक रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया था. हरिहरगंज, अररुआ खुर्द, बंजारी, बेलोदर, अंसारी बिगहा, सियरभूका और कटैया समेत विभिन्न मुस्लिम बहुल इलाकों से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया.
आपके शहर में
धार्मिक नारों से गूंजता रहा शहर
जुलूस में हजारों की संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए. विभिन्न इलाकों से निकले जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए बंजारी स्थित खलीले मिल्लत के मजार पहुंचे, जहां जुलूस का समापन किया गया. इस दौरान धार्मिक नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा. बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक ने जुलूस में उत्साह के साथ भाग लिया.
इस अवसर पर अकीदतमंदों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद किया और उनके बताये रास्ते पर चलने का संकल्प लिया. लोगों ने समाज में अमन, शांति, प्रेम और आपसी भाईचारा कायम रखने का संदेश दिया.
जगह-जगह लगाये गये सेवा शिविर
जुलूस में शामिल लोगों के स्वागत और सेवा के लिए विभिन्न कमेटियों की ओर से जगह-जगह स्टॉल लगाये गये थे. इन सेवा शिविरों में अकीदतमंदों के लिए मिठाई, पानी और अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था की गयी थी. जुलूस के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा.
जेएमएम नेता ने दिया भाईचारे का संदेश
झामुमो के जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद अतहर हुसैन ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का पर्व पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का संदेश देता है. उन्होंने कहा कि समाज में अमन-शांति, प्रेम और आपसी भाईचारा कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है. हमें मिलजुलकर समाज में सौहार्द का वातावरण बनाये रखना चाहिए.
पैगंबर की शिक्षा अपनाने की अपील
समाजसेवी मोहम्मद जमील अहमद ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी दुनिया को इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश दिया. उन्होंने लोगों से पैगंबर साहब के बताये रास्ते पर चलने और समाज में शांति व सद्भाव कायम करने का प्रयास करने की अपील की.
ये भी पढ़ें: मिलादुन्नबी पर खूंटी में निकला जुलूस, भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश
ईद मिलादुन्नबी केवल खुशी मनाने का अवसर नहीं
व्यवसायी मोहम्मद असलम ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी केवल खुशी मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि पैगंबर साहब की शिक्षाओं को याद करने और उन्हें अपने जीवन में उतारने का दिन भी है. उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाये रखने की अपील की. मो हेलाल आलम ने कहा कि समाज की तरक्की के लिए आपसी एकता और भाईचारा जरूरी है. ईद मिलादुन्नबी का संदेश सभी लोगों को प्रेम, शांति और इंसानियत के साथ रहने की प्रेरणा देता है.
ये भी पढ़ें: पलामू : जेलहाता में देर रात युवक को लगी गोली, एमएमसीएच में चल रहा इलाज
सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही पुलिस
जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. हरिहरगंज पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार, पिकेट प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह समेत पुलिस बल के जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे. जुलूस के निर्धारित मार्गों पर पुलिस की निगरानी बनी रही. पुलिस अधिकारियों ने जुलूस के साथ चलकर व्यवस्था का जायजा लिया और शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम संपन्न कराया. कार्यक्रम में अतहर हुसैन, मोहम्मद असलम, मोहम्मद जमील अहमद, महबूब आलम, लड्डू बाबू, राजू, मोह हेलाल आलम, मोह गुलाम गौस उर्फ विकास समेत हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए