हाईवे पर दिनदहाड़े युवतिओं की कार पर हमला, स्कॉर्पियो सवार सनकियों ने पीछा कर तोड़ा शीशा

Updated:
विज्ञापन
युवतियों की कार पर हमला करते दोनों बदमाश

युवतियों की कार पर हमला करते दोनों बदमाश

राजधानी रांची में दिनदहाड़े रोड रेज की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहाँ स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने जमशेदपुर से हजारीबाग जा रही तीन युवतियों की कार का पीछा कर शीशा तोड़ दिया। इस घटना ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विज्ञापन

प्रणव सिंह

Ranchi News: राजधानी रांची के दशम फॉल थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े रोड रेज और गुंडागर्दी की सनसनीखेज घटना सामने आई. जमशेदपुर से हजारीबाग जा रही तीन युवतियों की कार का स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने कई किलोमीटर तक पीछा किया. आरोपियों ने रास्ता रोककर कार का शीशा तोड़ दिया, जिससे चालक घायल हो गया. पीड़ित युवतियों का आरोप है कि डायल-100 पर सूचना देने के बावजूद पुलिस घटना से पहले मौके पर नहीं पहुंची.

सूर्य मंदिर के पास टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद

पीड़ित एक युवती के अनुसार, वे मंगलवार सुबह अपनी बहन, सहेली और चालक रणवीर सिंह के साथ कार से हजारीबाग जा रही थीं. बुंडू में नाश्ता करने के बाद वे सूर्य मंदिर घूमने पहुंचीं. वहां से दोपहर करीब 12:27 बजे एनएच पर निकलते ही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (जेएच-01-जीएच-4141) ने उनकी कार को टक्कर मार दी. युवतियों का कहना है कि गलती स्कॉर्पियो चालक की थी, लेकिन अपनी गलती मानने के बजाय दोनों युवक अभद्रता करने लगे. जब चालक रणवीर सिंह ने केवल सावधानी से गाड़ी चलाने की बात कही तो एक युवक गुस्से में उनकी ओर बढ़ने लगा. स्थिति बिगड़ती देख युवतियां वहां से निकल गईं.

कई किलोमीटर तक किया पीछा

युवतियों के मुताबिक, इसके बाद स्कॉर्पियो सवार युवक लगातार उनकी कार का पीछा करने लगे. जान बचाने के लिए चालक ने कार को रिवर्स कर गलत दिशा में भी मोड़ा, लेकिन आरोपी वहां भी पीछा करते रहे. पीड़ितों ने दोपहर 12:33 बजे डायल-100 पर कॉल कर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी और स्कॉर्पियो का नंबर भी बताया. उनके अनुसार कंट्रोल रूम से 12:38 बजे रांची पुलिस को सूचना भेज दी गई थी, लेकिन तब तक कोई पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंची.

पत्थर मारकर तोड़ा कार का शीशा

करीब 12:48 बजे दशम फॉल क्षेत्र के पास आरोपियों ने उनकी कार को रोक लिया. दोनों युवक चालक की ओर का दरवाजा खुलवाने लगे. जब चालक ने दरवाजा नहीं खोला तो आरोपियों ने पत्थर मारकर ड्राइवर साइड का शीशा तोड़ दिया. कांच लगने से चालक रणवीर सिंह घायल हो गए. युवतियों ने बताया कि वे लगातार मदद के लिए चिल्लाती रहीं, लेकिन काफी देर तक कोई सहायता नहीं मिली. बाद में जब आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी तो दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.

घटना के बाद पहुंची पुलिस

पीड़ित युवतियों का कहना है कि घटना के बाद दोपहर 12:58 बजे दशम फॉल थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. इसके बाद वे थाना पहुंचीं, जहां देर शाम तक कार्रवाई चलती रही. पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया और आरोपियों को पूछताछ के लिए थाना बुलाया.

'आज हमारे साथ जो हुआ, उसने अंदर तक डरा दिया'

घटना के बाद पीड़ित युवतियों ने कहा, 'आज हमारे साथ जो हुआ, उसने अंदर तक डरा दिया. हम लगातार पुलिस को फोन करते रहे, लेकिन घटना होने से पहले कोई नहीं पहुंचा. दिनदहाड़े परिवार के साथ इस तरह हमला होना बेहद भयावह है. ऐसे लोग इंसान नहीं, हैवान हैं.'

हाइवे पेट्रोलिंग पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सूर्य मंदिर से दशम फॉल तक हाइवे पेट्रोलिंग और पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान कहीं भी पुलिस की गश्ती टीम नजर नहीं आई. लोगों का कहना है कि डायल-100 या डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद निर्धारित समय में पुलिस को मौके पर पहुंचना चाहिए था.

ग्रामीण एसपी ने क्या कहा

रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के लगभग 20 मिनट बाद दशम फॉल थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि क्षेत्र अंदरूनी होने के कारण पहुंचने में कुछ समय लगा. पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें...

कसमार के गणेश ने खुद के श्रमदान से खोद दिया कुआं, डीसी ने दिया सोलर पंप लगाने निर्देश

शराब घोटाला मामले में ED ऑफिस पहुंचे झारखंड के पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव


विज्ञापन
अमलेश नंदन सिन्हा

लेखक के बारे में

By अमलेश नंदन सिन्हा

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola