ePaper

झोला छाप डॉक्टर की लापरवाही से गर्भवती महिला की मौत, चिकित्सक फरार

Updated at : 04 Aug 2025 10:44 PM (IST)
विज्ञापन
झोला छाप डॉक्टर की लापरवाही से गर्भवती महिला की मौत, चिकित्सक फरार

पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैया गांव की सात माह की गर्भवती महिला संगीता देवी की इलाज के दौरान मौत हो गयी.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, नौडीहा बाजार

पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैया गांव की सात माह की गर्भवती महिला संगीता देवी की इलाज के दौरान मौत हो गयी. इलाज एक झोला छाप चिकित्सक बद्री यादव के निजी क्लिनिक में चल रहा था. हालत बिगड़ने पर उसे छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार महिला की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी. मृतका की पहचान रामजी मिस्त्री की पत्नी संगीता देवी के रूप में हुई है. परिवार में पहले से छह संतानें (तीन लड़के और तीन लड़कियां) हैं.

तीन दिनों से निजी क्लिनिक में चल रहा था इलाज

मृतका के ससुर दशरथ मिस्त्री ने बताया कि संगीता को हल्का रक्तस्राव हो रहा था, जिसके बाद परिजन नौडीहा बाजार स्थित बद्री यादव के निजी क्लिनिक में ले गये. बद्री यादव ने महिला को तीन दिन तक भर्ती रखकर इलाज किया. उसने कहा कि ब्लड की कमी है और एक यूनिट रक्त चढ़ाया गया, जिसके लिए सात हजार रुपये लिए गये. ब्लड चढ़ाने के बाद महिला की स्थिति और बिगड़ गयी. परिजन का आरोप है कि मौत हो जाने के बाद भी चिकित्सक ने जानबूझकर शव को निजी वाहन से अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया, ताकि जिम्मेदारी से बचा जा सके.

फर्जी डिग्री पर क्लिनिक चला रहा था चिकित्सक, फरार

जानकारी के अनुसार आरोपी बद्री यादव, पूर्व चिकित्सक डॉ. अनुज कुमार का छोटा भाई है. डॉ अनुज की कुछ वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है, लेकिन उनके नाम पर ही बद्री यादव क्लिनिक चला रहा था. जबकि उसके पास कोई मान्यता प्राप्त मेडिकल डिग्री नहीं है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नौडीहा बाजार और आस-पास के इलाकों में कई झोला छाप चिकित्सक सक्रिय है, जो बिना योग्यता के मरीजों का इलाज कर रहे हैं और गंभीर मामलों में मरीजों की जान जोखिम में डालते हैं. घटना के बाद से बद्री यादव फरार है. स्थानीय लोगों और मृतका के परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो और झोला छाप डॉक्टरों के खिलाफ क्षेत्र में अभियान चलाया जाये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
DEEPAK

लेखक के बारे में

By DEEPAK

DEEPAK is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola