ऑपरेशन प्रहार के तहत साढ़े 13 लाख का अफीम बरामद, 3 गिरफ्तार

मामले में जानकारी देते एसपी और थाना प्रभारी | Prabhat Khabar Network
मेदिनीनगर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत 2.69 किलो अफीम बरामद की है. इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है जो पंजाब में नशीले पदार्थ की तस्करी करते थे.
मेदिनीनगर (पलामू): शहर थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी के पास छापेमारी कर पुलिस ने 2.690 किलो अफीम बरामद किया है. बरामद अफीम की कीमत करीब साढ़े 13 लाख रुपए बताई जा रही है. मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों में सुरेंद्र कुमार सिंह (26 वर्ष), मनोज कुमार सिंह (28 वर्ष) और जितेंद्र कुमार यादव (23 वर्ष) शामिल हैं. तीनों मनातू थाना क्षेत्र के नागद गांव के रहने वाले हैं. मामले में जानकारी देते हुए एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग अफीम लेकर ट्रेन से बाहर जाने वाले हैं. सूचना के आधार पर प्रशिक्षु डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित कर रेलवे कॉलोनी के पास छापेमारी की गई.
छापेमारी के दौरान जांच में 3 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा जो अपने जींस पैंट के भीतर अफीम छुपाकर रखा था. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों से 15 से 20 हजार रुपए प्रति किलो के हिसाब से अफीम खरीदते हैं और उसे पंजाब के जालंधर में डेढ़ से दो लाख रुपए प्रति किलो की दर से बेचते हैं. खरीदने वाले इसे पांच से छह लाख रुपए प्रति किलो के हिसाब से बेचते हैं.
आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि जितेंद्र कुमार यादव लाइजनिंग का काम करता है. पुलिस के अनुसार, ये लोग पिछले दो साल से अफीम की खरीद-बिक्री में शामिल हैं. छापेमारी टीम में प्रशिक्षु डीएसपी मृत्युंजय गोप, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, पुलिस अवर निरीक्षक रामाधीन प्रसाद, घनश्याम मिश्रा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










