ePaper

Palamu News: पैसों के लालच में मां ने नाबालिग को बुजुर्ग से कराई शादी, पिता ने बचाई लाज

Updated at : 03 Feb 2026 10:08 AM (IST)
विज्ञापन
Palamu News

पलामू में सातवीं की छात्रा की बुजुर्ग से शादी कराई गई. एआई जेनरेटेड प्रतीकात्मक फोटो.

Palamu News: कोई मां अपनी ही बेटी का दुश्मन कैसे बन सकती है? अभी कुछ दिन पहले झारखंड की राजधानी रांची में 10 साल की बच्ची को रात के अंधेरे में रिनपास के बाहर छोड़ने का मामला सामने आया. अब पलामू में पैसों के लालच में एक मां ने अपनी नाबालिग बच्ची को ही बुजुर्ग के हाथों बेचकर शादी करा दी. गनीमत ये रही कि बाहर काम करने वाले बच्ची के पिता को किसी तरह मामले की जानकारी मिली, तो उसने उसकी लाज बचाई. नीचे पूरी खबर पढ़ें.

विज्ञापन

पलामू से रामनरेश तिवारी की रिपोर्ट

Palamu News: झारखंड के पलामू जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पैसों के लालच में एक मां ने अपनी नाबालिग बेटी की शादी एक बुजुर्ग व्यक्ति से करा दी. मामला नावाजयपुर क्षेत्र का है. आरोप है कि मां ने बेटी को यह कहकर बहकाया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है, जबकि पिता जिंदा थे और बाहर काम कर रहे थे.

चियांकी मंदिर में कराई गई शादी

मिली जानकारी के अनुसार, अगस्त 2025 में मेदिनीनगर के चियांकी मंदिर में नाबालिग की शादी एक बुजुर्ग से कराई गई. शादी के बाद नाबालिग को मेदिनीनगर में ही रखा गया. उसे घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जाती थी और न ही किसी से बातचीत करने दी जाती थी. उसे लगातार घर में बंद रखे जाने का आरोप है.

पिता को फोन कर बताई आपबीती

पीड़िता किसी तरह से अपने पिता से फोन पर संपर्क करने में सफल रही और पूरी घटना की जानकारी दी. पिता बाहर काम करता था. बेटी की बात सुनते ही वह तत्काल मेदिनीनगर पहुंचा. जिस घर में नाबालिग को रखा गया था, वहां से उसे अपने साथ ले आया. किसी तरह पिता ने अपनी बेटी को इस अवैध रिश्ते से बाहर निकाला.

तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचा मामला

नाबालिग की तबीयत खराब होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जांच के दौरान अस्पताल कर्मियों को मामला संदिग्ध लगा. सूचना मिलने पर स्वास्थ्यकर्मियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को जानकारी दी. इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची. उसने पिता और नाबालिग से पूछताछ की.

सीडब्ल्यूसी को सौंपा गया मामला

पूछताछ के बाद पुलिस ने नाबालिग को देर शाम बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को सौंप दिया. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है, जिसमें शादी कराने वाले लोगों और कथित बुजुर्ग की भूमिका भी शामिल है.

पिता का बयान, मां पर गंभीर आरोप

नाबालिग के पिता ने बताया कि वह बाहर में काम करता है. उसकी पहली पत्नी तीन साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी. इसके बाद उसने दूसरी शादी कर ली. वह फिलहाल ससुराल में रह रहा है. नाबालिग बेटी पहली पत्नी से है. कुछ दिन पहले बेटी की मां गांव लौटी और उसे बरगलाकर बेच दिया गया. किसी तरह बेटी ने फोन कर पूरी सच्चाई बताई. इसके बाद वह मेदिनीनगर पहुंचा और उसे छुड़ाकर वापस लाया.

इसे भी पढ़ें: दुमका में मोदी सरकार पर बरसे हेमंत सोरेन, बोले – झारखंड में देश का 42% खनिज और बजट में नाम तक नहीं

सातवीं कक्षा में पढ़ती है नाबालिग

पीड़िता सातवीं कक्षा की छात्रा है. इस मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस का कहना है कि मामले में बाल विवाह और मानव तस्करी के पहलुओं से भी जांच की जा रही है. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है.

इसे भी पढ़ें: झारखंड में बढ़ी चुनावी सरगर्मी, रांची से रोशनी खलखो और धनबाद से भाजपा के मेयर प्रत्याशी

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola