पलामू के कधवन बक्स बाबा धाम पर नाग पंचमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब,लगा भव्य मेला
नाग पंचमी
पलामू के कधवन बक्स बाबा धाम में नाग पंचमी पर भव्य मेला लगा। यहाँ श्रद्धालु नमक का त्याग कर नाग देवता की पूजा करते हैं और सर्पदंश से मुक्ति की मान्यता है।
पलामू : पलामू के विश्रामपुर प्रखंड के कधवन गांव में एनएच-39 किनारे स्थित प्रसिद्ध बक्स बाबा धाम पर नाग पंचमी के अवसर पर सोमवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा.प्रत्येक वर्ष नाग पंचमी पर यहां भव्य मेले का आयोजन होता है,जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु अपनी मनोकामना लेकर पहुंचते हैं.
नमक त्याग की अनूठी परंपरा
नाग पंचमी के दिन विश्रामपुर प्रखंड के एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग नमक का सेवन नहीं करते.कई मुस्लिम परिवार भी इस परंपरा का पालन करते हैं.इस दिन सिर्फ मीठा भोजन किया जाता है.मान्यता है कि नमक त्यागने से नाग देवता प्रसन्न होते हैं और घर में सुख-समृद्धि आती है.
पूजा की विशेष विधि
अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं.भक्तों ने नाग बाबा को दूध,लावा और मीठे प्रसाद अर्पित किए.मनोकामना पूर्ण होने की मन्नत के साथ श्रद्धालुओं ने धाम के बाहर लाल रंग का ध्वज भी गाड़ा. यह ध्वज अगले नाग पंचमी तक लगा रहता है और फिर उसे उतारकर नया ध्वज लगाया जाता है.
ये भी पढ़ें: रांची के पहाड़ी मंदिर जैसी महिमा: जानें क्यों खास है नगर उंटारी का राजा पहाड़ी शिव मंदिर
विष से मुक्ति की मान्यता
बक्स बाबा धाम की सबसे बड़ी मान्यता है कि यहां सांप या अन्य जहरीले जीवों के काटे हुए लोग पूजा-अर्चना के बाद ठीक हो जाते हैं.पूरे साल यहां सर्पदंश के मरीज आते हैं.धाम के पुजारी सुशील सिंह ने बताया कि सर्पदंश से पीड़ित लोग रोते हुए आते हैं और बाबा की कृपा से स्वस्थ होकर हंसते हुए जाते हैं.बाबा के दरबार में किसी को निराशा नहीं मिलती.
ये भी पढ़ें: पलामू में कृषक वैज्ञानिक मिलन कार्यक्रम का आयोजन, वैज्ञानिकों ने किसानों को दी कृषि संबंधित जानकारी
भजन-कीर्तन से गुंजा परिसर
मेला कमेटी द्वारा धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया.रविवार रात 12 घंटे का अखंड कीर्तन हुआ जो सोमवार को दिन के 12 बजे तक चला.इसके बाद भोजपुरी गायन का कार्यक्रम हुआ,जिसमें स्थानीय कलाकारों ने भगवान शिव के भजनों से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकाश नाथ
26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









