कम बारिश से संकट में किसान, 10 पंचायतों का दौरा कर बोले केएन त्रिपाठी- वैकल्पिक खेती पर दें जोर
सतबरवा बीडीओ सह सीओ विजय कुमार से मुलाकात करते पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी तथा मलय डैम का क्षतिग्रस्त नहर का अवलोकन करते। | Prabhat Khabar Network
पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने सतबरवा में पंचायत परामर्श यात्रा के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और मलय डैम का निरीक्षण कर सुखाड़ पर चिंता जताई।
सतबरवा: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केएन त्रिपाठी ने बुधवार को पंचायत परामर्श यात्रा के तहत सतबरवा प्रखंड क्षेत्र की सभी 10 पंचायतों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत होकर समाधान के लिए परामर्श मांगा.
श्री त्रिपाठी ने कहा कि परामर्श यात्रा का उद्देश्य वर्तमान में गांवों की स्थिति और समस्याओं से अवगत होना है, ताकि उनका समाधान निकाला जा सके. उन्होंने कहा कि पलामू जिले की सभी पंचायतों का परामर्श यात्रा के तहत दौरा किया जा रहा है.
कम बारिश से धान की रोपनी प्रभावित
कई गांवों के ग्रामीणों ने बताया कि इस वर्ष बारिश काफी कम होने के कारण धान की रोपनी प्रभावित हुई है. इसके कारण ग्रामीणों के समक्ष सुखाड़ और अकाल जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है.
इस दौरान उन्होंने मलय डैम के क्षतिग्रस्त चैन संख्या 18 सतबहिनी का भी अवलोकन किया. उन्होंने बताया कि मलय डैम सतबरवा, मेदिनीनगर सदर तथा लेस्लीगंज प्रखंड क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के किसानों के लिए लाइफलाइन है. इस वर्ष बारिश कम होने से किसानों के चेहरे पर मायूसी छाई हुई है.
उन्होंने कहा कि मलय डैम में पानी उपलब्ध है. विलंब के बावजूद मरम्मत कार्य के बाद डैम का फाटक खोल दिया गया है. उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों के जलाशयों में पानी नहीं है, वहां किसानों को वैकल्पिक खेती पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि इस भीषण स्थिति का सामना किया जा सके.
सरकार की योजनाओं की ली जानकारी
इस क्रम में उन्होंने सतबरवा बीडीओ सह सीओ विजय कुमार से भी मुलाकात की और सरकार की ओर से चलायी जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी ली.
मौके पर सतबरवा प्रखंड के प्रमुख पति जुगल किशोर राम, उप प्रमुख कामाख्या प्रसाद यादव, बीस सूत्री कार्यक्रम समिति के अध्यक्ष राजकुमार यादव, विवेकानंद त्रिपाठी, रविंद्र तिवारी, प्रदीप प्रसाद, हारून रशीद, राजेश प्रसाद समेत कई लोग मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










