हरिहरगंज में खनन विभाग का बड़ा एक्शन, स्टोन चिप्स लदा हाइवा और बालू के 2 ट्रैक्टर जब्त
अवैध बालू लदा जब्त ट्रैक्टर | Prabhat Khabar Network
हरिहरगंज में खनन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिना चालान के स्टोन चिप्स लदा हाइवा और अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं।
हरिहरगंज,पलामू: खनन विभाग और पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए स्टोन चिप्स लदा एक हाइवा और अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं. इस कार्रवाई से खनिज परिवहन से जुड़े वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है.
बिना चालान स्टोन चिप्स ले जा रहा था हाइवा
खान निरीक्षक शुभम कुमार के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान के दौरान मेदिनीनगर-औरंगाबाद एनएच-139 पर तरवन एचपी पेट्रोल पंप के समीप छापेमारी की गई. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में स्टोन चिप्स लदा हाइवा (जेएच03एयू-3558) पकड़ा गया. खान निरीक्षक ने बताया कि हाइवा में लदा स्टोन चिप्स बिना चालान के हरिहरगंज के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा था. जब्त हाइवा को हरिहरगंज थाना लाया गया है.
दो ट्रैक्टरों में लदा था अवैध बालू
पथरा पिकेट प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने रजवार के समीप बटाने नदी से अवैध तरीके से बालू लादकर ले जा रहे एक ट्रैक्टर को पकड़ा. पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर से बालू गिराकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर को पकड़ लिया. हालांकि, चालक मौके से फरार हो गया. यह कार्रवाई हरिहरगंज पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार के निर्देश पर की गई.
वहीं, दूसरी कार्रवाई में एसआइ श्याम भगत ने हरिहरगंज बाजार के समीप से बालू लदा एक अन्य ट्रैक्टर जब्त कर थाना लाया. थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि जब्त ट्रैक्टरों के संबंध में जिला खनन पदाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










