कड़ी सुरक्षा के बीच पथरा पहुंची गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा, शव देखते ही हुई भावुक
पिता के पार्थिव शरीर को शव को मुखाग्नि देता बेटा अक्षत कुमार | Prabhat Khabar Network
झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार हुआ. पत्नी रिया सिन्हा पैरोल पर पथरा पहुंची. वह पति के पार्थिव शरीर देखते ही फूट-फूटकर रोने लगी. वहीं, बेटे ने पिता सुजीत सिन्हा को मुखाग्नि दी.
नौशाद अहमद की रिपोर्ट
पलामूः झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के पार्थिव शरीर के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी. इसी बीच जेल में बंद उसकी पत्नी रिया सिन्हा पैरोल पर भारी पुलिस सुरक्षा के बीच पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पथरा गांव स्थित ससुराल पहुंची. इस दौरान घर परिसर में रखे पति के पार्थिव शरीर को देखते ही रिया सिन्हा उससे लिपटकर और दहाड़ मारकर रोने लगी.

पति के पार्थिव शरीर देख फूट-फूटकर रोने लगी पत्नी
वहीं, सुजीत सिन्हा के 12 साल के पुत्र अक्षत कुमार सिन्हा ने भी पिता के शव को देखकर फूट-फूटकर रोना शुरू कर दिया. मां-बेटे के इस मार्मिक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद रिश्तेदारों और ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गई. रिया सिन्हा के जेल से आने की सूचना मिलते ही उसके आवास पर आसपास के क्षेत्रों के अलावा स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. जैसे ही रिया सिन्हा पुलिस कस्टडी में पुलिस वाहन से उतरी, सभी की निगाहें उसकी ओर टिक गई.
अंतिम संस्कार की सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुजीत सिन्हा का पार्थिव शरीर घर से निकलकर गांव से थोड़ी दूरी पर स्थित कररबार नदी के श्मशान घाट पहुंचा, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अंतिम संस्कार किया गया. मुखाग्नि देते समय उसके 12 साल के बेटे अक्षत कुमार भावुक होकर रो पड़ा. उसे देखकर घाट पर मौजूद लोगों की आंखों से भी आंसू छलक पड़े. सुजीत सिन्हा के अंतिम संस्कार के बाद झारखंड अपराध जगत का एक चर्चित नाम हमेशा के लिए समाप्त हो गया.
पुलिस प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद
सुजीत सिन्हा की मौत, अंतिम संस्कार और उसकी पत्नी के जेल से पुलिस कस्टडी में पहुंचने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. उसके घर के आसपास पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात थे. वहीं, श्मशान घाट के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










