Pakur News: एक रात, तीन घर और चोरों का आतंक! घर से उड़ाये 20 लाख के जेवरात

Updated:
विज्ञापन

जांच करती पुलिस, घर में बिखरे पड़े सामान, जानकारी देते पीड़ित | Prabhat Khabar Network

पाकुड़ में चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाया. रिटायर्ड डीएसपी के मकान से 20 लाख के जेवरात चोरी, पुलिस मामले की जांच में जुटी.

विज्ञापन

पाकुड़.नगर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं. बीती रात अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया. हालांकि, दो घरों में चोरी का प्रयास विफल रहा, जबकि बड़ी अलीगंज पोस्ट ऑफिस रोड स्थित रिटायर्ड डीएसपी एलबी राम के मकान में किराये पर रह रहे अमरापाड़ा निवासी ट्रांसपोर्टर संजय भगत के घर से चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गये. पीड़ित के अनुसार चोरी गये आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है.

छज्जे के रास्ते खिड़की काटकर कमरे में घुसे चोर

पीड़ित संजय भगत ने बताया कि जिस कमरे में चोरी हुई, उसमें एसी लगा हुआ था. एसी खराब होने के कारण घर में मौजूद महिलाएं और अन्य लोग कमरे से करीब 10 मीटर की दूरी पर सो रहे थे. चोरों ने इसी का फायदा उठाया. घर में मौजूद लोगों ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर रखा था. अज्ञात चोर छज्जे के रास्ते कमरे तक पहुंचे और खिड़की काटकर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद कमरे में रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गये. उन्होंने बताया कि सुबह जब कमरे का दरवाजा खोला गया, तो सामान बिखरा पड़ा था और आभूषण गायब मिले. इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों और पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गये. घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया.

दो अन्य घरों में चोरी का प्रयास विफल

जानकारी के अनुसार चोरों ने नगर थाना क्षेत्र में तीन घरों को निशाना बनाया था. इनमें एक अधिवक्ता और एक पुलिसकर्मी के घर में भी चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन चोर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके. एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाये जाने से इलाके के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं. लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है.

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाये. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके.


विज्ञापन
राघव कुमार मिश्रा

लेखक के बारे में

By राघव कुमार मिश्रा

राघव कुमार मिश्रा प्रभात खबर के पाकुड़ प्रतिनिधि हैं. उन्होंने स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है. वर्ष 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. प्रशासन, राजनीति, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा और विकास से जुड़े विषयों की रिपोर्टिंग में उन्हें व्यापक अनुभव है. जमीनी मुद्दों पर तथ्यपरक और निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए उन्हें जाना जाता है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola