मलेरिया को लेकर अलर्ट हुआ पाकुड़िया, जागरूकता रैली में स्वास्थ्यकर्मियों ने बचाव का दिया संदेश
पाकुड़िया में जागरूकता रैली निकालते स्वास्थ्यकर्मी. | Prabhat Khabar Network
विश्व मच्छर दिवस पर पाकुड़िया में स्वास्थ्यकर्मियों ने निकाली रैली. मलेरिया से बचाव, साफ-सफाई और रुके पानी को हटाने के टिप्स जानें.
पाकुड़िया : विश्व मच्छर दिवस के अवसर पर गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया से मुख्य बाजार तक स्वास्थ्यकर्मियों ने जागरूकता रैली निकाली. रैली के माध्यम से लोगों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया. इस दौरान लोगों से घरों के आसपास साफ-सफाई रखने और पानी जमा नहीं होने देने की अपील की गयी.
आपके शहर में
रैली में गूंजा मलेरिया से बचाव का संदेश
स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को मच्छरों से होने वाली बीमारियों के प्रति सचेत किया. उन्होंने घरों के आसपास जमा पानी को हटाने, साफ-सफाई रखने और मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की.
रुके पानी में पनपता है मादा एनोफिलीज मच्छर
मौके पर डॉ. अब्दुल हक मंजर आलम ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस मनाया जाता है. वर्ष 1897 में सर रोनाल्ड रॉस ने मलेरिया फैलाने वाले मादा एनोफिलीज मच्छर की पहचान की थी. उन्होंने बताया कि यह मच्छर रुके हुए पानी में पनपता है. इसलिए घरों के आसपास जमा पानी को हटाना चाहिए. खिड़कियों में जाली लगाने के साथ सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करना चाहिए.
बुखार और कंपकंपी हो तो तुरंत करायें जांच
उन्होंने कहा कि ठंड के साथ बुखार, कंपकंपी और सिरदर्द होने पर तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में मलेरिया की जांच करानी चाहिए. सरकारी अस्पतालों में मलेरिया की जांच और इलाज नि:शुल्क किया जाता है. उन्होंने लोगों से मलेरिया के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की अपील की.
पंचायतों और स्कूलों में भी चला जागरूकता अभियान
इस अवसर पर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों और स्कूलों में भी स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा मलेरिया से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये. मौके पर डॉ. वसीम रजा, केटीएस संजय मुर्मू, प्रखंड लेखा प्रबंधक प्रभात दास, एमपीडब्ल्यू अंकित हेम्ब्रम, नूर आलम शेख, मिशन शेख, रविंद्र मुर्मू सहित अन्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रमेश भगत
रमेश भगत प्रभात खबर, पाकुड़ में ब्यूरो चीफ हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 15 वर्षों के पत्रकारिता करियर की शुरुआत दिल्ली में CNEB News Channel से की. इसके बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के ईएमएमसी (EMMC) और डीडी न्यूज में कार्य किया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में उन्हें व्यापक अनुभव है. राजनीति, प्रशासन, अपराध, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनसरोकार सहित हर विधा की खबरों की रिपोर्टिंग और विश्लेषण में उनकी विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए