JTET अभ्यर्थियों के लिए हर रविवार फ्री मॉक टेस्ट, परीक्षा तक जारी रहेगी सीरीज
मॉक टेस्ट में शामिल अभ्यर्थी. | Prabhat Khabar Network
पाकुड़ में जेटेट की तैयारी कर रहे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने निःशुल्क मॉक टेस्ट दिया. परीक्षा तक हर रविवार टेस्ट सीरीज जारी रहेगी.
संवाददाता, पाकुड़: जिले के बीजीआर माइनिंग एंड इंफ्रा लिमिटेड एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित बिरसा मुंडा शिक्षण संस्थान में एंडेवर एकेडमी पाकुड़ की ओर से झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) को लेकर निःशुल्क मॉक टेस्ट सीरीज का आयोजन किया गया. रविवार को आयोजित मॉक टेस्ट में जिले के सैकड़ों अभ्यर्थियों ने शामिल होकर अपनी तैयारी परखी.
जेटेट पैटर्न पर आधारित था मॉक टेस्ट
एंडेवर एकेडमी के निदेशक विकास तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित मॉक टेस्ट जेटेट के नवीनतम सिलेबस और परीक्षा पैटर्न पर आधारित था. परीक्षा के बाद विशेषज्ञ शिक्षकों ने अभ्यर्थियों के उत्तरों की समीक्षा की. साथ ही डाउट क्लीयरेंस सेशन के माध्यम से अभ्यर्थियों की शंकाओं का समाधान किया गया.
निदेशक विकास तिवारी ने बताया कि जेटेट को लेकर अभ्यर्थियों में काफी उत्साह है. सही मार्गदर्शन और परीक्षा पैटर्न के अनुरूप नियमित अभ्यास की कमी के कारण कई अभ्यर्थी अपनी तैयारी को बेहतर नहीं कर पाते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक रविवार को पूरी तरह निःशुल्क मॉक टेस्ट आयोजित किया जा रहा है.
इससे अभ्यर्थियों को अपनी कमजोरियों को पहचानने और समय प्रबंधन का अभ्यास करने में मदद मिलेगी.
परीक्षा तक प्रत्येक रविवार होगा टेस्ट
मॉक टेस्ट में शामिल अभ्यर्थियों ने निःशुल्क टेस्ट सीरीज की सराहना की. अभ्यर्थियों ने कहा कि नियमित मॉक टेस्ट से परीक्षा के अनुरूप अभ्यास करने और तैयारी का आकलन करने का अवसर मिल रहा है.
संस्थान की ओर से बताया गया कि आगामी जेटेट परीक्षा तक प्रत्येक रविवार को निःशुल्क मॉक टेस्ट सीरीज जारी रहेगी.
तीन वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करा रही एकेडमी
एंडेवर एकेडमी पिछले तीन वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करा रही है. संस्थान के अनुसार, प्रत्येक वर्ष दर्जनों छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है.
मौके पर शिक्षक मो. समीर अहमद, प्रिंस प्रकाश, प्रेम प्रताप सिंह, उदय कुमार, नीरज कुमार राउत समेत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए