पाकुड़ मंडल कारा में जेल अदालत और मेडिकल कैंप, बंदियों को दी कानूनी जानकारी
जेल अदालत सह मेडिकल कैंप में मौजूद पदाधिकारी. | Prabhat Khabar Network
पाकुड़ मंडल कारा में डालसा की ओर से जेल अदालत सह मेडिकल कैंप लगाया गया. बंदियों को कानूनी सहायता, प्ली बार्गेनिंग और जमानत के प्रावधान बताए गए.
संवाददाता, पाकुड़: पाकुड़ मंडल कारा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से जेल अदालत सह चिकित्सीय जांच शिविर का आयोजन किया गया. झालसा रांची के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में बंदियों को कानूनी अधिकारों और निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी गयी. साथ ही मेडिकल कैंप में बंदियों के स्वास्थ्य की जांच की गयी.
प्ली बार्गेनिंग के प्रावधान बताए
डालसा के प्रभारी सचिव विशाल मांझी ने बंदियों को प्ली बार्गेनिंग के प्रावधान की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि छोटे और सुलहनीय अपराधों के मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्ली बार्गेनिंग का लाभ लिया जा सकता है.
उन्होंने बताया कि इससे वाद का जल्द निपटारा, सजा में राहत और समय की बचत के साथ पात्र मामलों में जल्द रिहाई का अवसर मिल सकता है. उन्होंने प्ली बार्गेनिंग के तहत आने वाले मामलों और इसकी प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी.
एलएडीसीएस के डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल ने बंदियों को डालसा की ओर से उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता और जमानत से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. इस दौरान बंदियों की समस्याओं और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी ली गयी.
बीपी और शुगर की हुई जांच
मेडिकल कैंप में बंदियों के बीपी, शुगर समेत अन्य स्वास्थ्य की जांच की गयी. स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक और मेडिकल टीम के सदस्यों ने बंदियों की जांच कर आवश्यक चिकित्सीय सलाह दी.
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी डालसा सचिव विशाल मांझी, डॉ एसके झा, जेल के प्रशासनिक अधिकारी, एलएडीसीएस के डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल तथा सहायक गंगाराम टुडू और अजफर हुसैन विश्वास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की.
मौके पर डालसा कर्मी, जेल प्रशासन के अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक और मेडिकल टीम के सदस्य मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए