पाकुड़ में सड़क पर लगा था ईंट लदे ट्रैक्टरों का मेला, DTO ने कराया खाली
प्यादापुर चेकपोस्ट के पास सड़क किनारे खड़े ईंट लदे ट्रैक्टर. | Prabhat Khabar Network
पाकुड़ के प्यादापुर चेकपोस्ट के पास सड़क किनारे खड़े 20-25 ईंट लदे ट्रैक्टरों को DTO ने हटवाया. सड़क किनारे कारोबार करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी.
संवाददाता, पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र में प्यादापुर चेकपोस्ट के ठीक पहले सड़क किनारे लंबे समय से खड़े ईंट लदे ट्रैक्टरों के खिलाफ जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मुजाहिद अंसारी ने कार्रवाई की. डीटीओ ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे खड़े करीब 20 से 25 ट्रैक्टरों को हटवाया.
बताया गया कि इस स्थान पर रोजाना बड़ी संख्या में ईंट लदे ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़े किये जाते थे. ट्रैक्टरों के जमावड़े के कारण सड़क का हिस्सा संकरा हो जाता था, जिससे वाहनों की आवाजाही के साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
सड़क किनारे ही चल रहा था ईंट का कारोबार
जांच के दौरान डीटीओ ने पाया कि सड़क किनारे ही ईंट का कारोबार किया जा रहा था. ईंट रखने के लिए कोई निर्धारित भंडारण स्थल नहीं था. मौके पर कोई क्रियाशील कार्यालय भी नहीं मिला.
डीटीओ ने संबंधित लोगों को सड़क किनारे ट्रैक्टर खड़े नहीं करने की सख्त हिदायत दी और यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं करने को कहा.
सड़क किनारे ट्रैक्टर खड़ा करना नियम का उल्लंघन
डीटीओ मुजाहिद अंसारी ने कहा कि सड़क किनारे ट्रैक्टर खड़ा करना नो एंट्री के नियम का उल्लंघन है. इसके अलावा रास्ते की भूमि का अतिक्रमण कर कारोबार किया जा रहा था.
उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में नियमित निगरानी आवश्यक है, ताकि सड़क पर यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और आम लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
कार्रवाई के बाद सड़क हुई खाली
डीटीओ की कार्रवाई के बाद सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टरों का जमावड़ा हट गया. सड़क का बड़ा हिस्सा खाली होने से वाहनों की आवाजाही सुगम हुई और आम लोगों को भी राहत मिली.
डीटीओ ने स्पष्ट किया कि यदि दोबारा सड़क किनारे ट्रैक्टर खड़े कर ईंट का कारोबार किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए