राजस्व संग्रहण पर डीसी सख्त, शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का दिया टास्क
बैठक करती उपायुक्त मेघा भारद्वाज | Prabhat Khabar Network
पाकुड़ उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने राजस्व संग्रहण और लंबित म्यूटेशन मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं.
पाकुड़ :: राजस्व संग्रहण एवं भू-अर्जन से संबंधित कार्यों में तेजी लाने को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में बुधवार को गूगल मीट के माध्यम से समीक्षात्मक बैठक हुई. बैठक में राजस्व संग्रहण, भू-अर्जन, म्यूटेशन, लंबित मामलों तथा विभिन्न विभागों के राजस्व लक्ष्य और उपलब्धि की समीक्षा की गयी.
नियमित समीक्षा करते हुए संग्रहण बढ़ाने के निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण बढ़ाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण सरकार के महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल है. सभी विभाग अपने राजस्व स्रोतों की नियमित समीक्षा करते हुए संग्रहण बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं. बकाया राशि की वसूली के लिए नियमानुसार नोटिस जारी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर सार्वजनिक नोटिस प्रकाशित कराने का निर्देश भी दिया.
राजस्व बढ़ाने से संबंधित नए स्रोत तलाशने पर जोर
उपायुक्त ने विभागों को पारंपरिक राजस्व स्रोतों के साथ नए एवं प्रभावी स्रोत विकसित करने की संभावनाएं तलाशने को कहा. उन्होंने कहा कि राजस्व बढ़ाने से संबंधित व्यावहारिक सुझाव अथवा नई पहल की संभावना होने पर उसका प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति पर जोर
बैठक में प्रखंड एवं अंचलवार म्यूटेशन मामलों की स्थिति की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन मामलों में दस्तावेज और प्रक्रिया स्पष्ट है, उनका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन किया जाए. तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर समन्वय स्थापित कर कार्यों को सुचारू बनाने को कहा गया. विभिन्न विभागों ने अपने राजस्व लक्ष्य और अब तक की उपलब्धि की जानकारी दी. उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए कार्ययोजना तैयार कर नियमित प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सानू दत्ता
सानू दत्ता: पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं। वर्तमान में प्रभात खबर, पाकुड़ में कार्यरत हूं। ग्रामीण विकास, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखता हूं। डिजिटल पत्रकारिता और मल्टीमीडिया कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










