SIR की नई समय-सारणी जारी, 15 सितंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति; 19 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची
उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार | Prabhat khabar network
लोहरदगा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) की प्रक्रिया जारी है. राजनीतिक दलों के साथ हुई बैठक में संशोधित समय-सारणी जारी की गई. 15 सितंबर तक दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है और 19 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी.
लोहरदगा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) के तहत चल रही प्रक्रिया को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के निर्देश पर मंगलवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई. बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार ने एस.आई.आर. के तहत अब तक हुई गतिविधियों और आगे की प्रक्रिया की जानकारी दी.
संशोधित समय-सारणी की दी जानकारी
उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एस.आई.आर. की संशोधित समय-सारणी से अवगत कराया. उन्होंने अब तक हुई गतिविधियों को लेकर राजनीतिक दलों से फीडबैक भी लिया और आगे भी प्रक्रिया में सक्रिय एवं रचनात्मक सहयोग देने की अपील की.
उन्होंने बताया कि आयोग की ओर से मतदाता सूची के प्रारूप के संबंध में दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 सितंबर 2026 कर दी गयी है. इस अवधि तक ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में छूट गया है, आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा जिनकी आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है, वे भी फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं.
14 अक्टूबर तक होगी सुनवाई
संजय कुमार ने बताया कि एस.आई.आर. की संशोधित समय-सारणी के अनुसार दावा-आपत्ति से संबंधित सुनवाई की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगी. इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा.
आम लोगों तक जानकारी पहुंचाने की अपील
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रारूप मतदाता सूची, एएसडीडी सूची, दावा-आपत्ति प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के स्थानीय प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने तथा नए मतदाताओं को पंजीकरण के लिए आवेदन करने में सुविधा होगी.
बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के स्थानीय प्रतिनिधियों के अलावा निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









