SIR: 15 सितंबर तक नए मतदाताओं को मौका, छात्राओं को ECI Net ऐप से आवेदन की दी जानकारी
मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राएं | Prabhat khabar network
लोहरदगा में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें अविराम कॉलेज ऑफ एजुकेशन की छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, सुधारने और फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन करने की प्रक्रिया बताई गई. 15 सितंबर तक नए युवा मतदाता आवेदन कर सकते हैं.
लोहरदगा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त संदीप कुमार मीणा के निर्देश पर मंगलवार को अविराम कॉलेज ऑफ एजुकेशन, कुड़ू में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में छात्राओं को एस.आई.आर. के तहत प्रारूप मतदाता सूची की जांच, नया नाम दर्ज कराने, छूटे हुए नामों को शामिल कराने और मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन या आपत्ति की प्रक्रिया की जानकारी दी गयी.
15 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन
उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार ने छात्राओं और शिक्षिकाओं से कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है. उन्होंने छात्राओं से स्वयं प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचने के साथ परिवार, आस-पड़ोस और परिचितों को भी मतदाता सूची की जांच के लिए प्रेरित करने की अपील की.
उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में छूट गया है और ऐसे युवा, जिनकी आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है, वे 15 सितंबर 2026 तक फॉर्म-6 के माध्यम से घोषणा-पत्र के साथ आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है.
ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की सुविधा
पात्र नागरिक ऑनलाइन माध्यम से ईसीआई नेट का उपयोग कर आवेदन कर सकते हैं. वहीं, ऑफलाइन आवेदन करने या आवेदन प्रक्रिया में सहायता लेने के लिए संबंधित क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है.
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने छात्राओं से अपील की कि वे अपने आसपास के ऐसे युवाओं को भी इसकी जानकारी दें, जो निर्धारित तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे.
फॉर्म-6 और फॉर्म-8 की दी जानकारी
कार्यक्रम में विभिन्न फॉर्म के उपयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गयी. छात्राओं को बताया गया कि पात्र नागरिक का नाम छूट जाने की स्थिति में दावा प्रस्तुत किया जा सकता है, जबकि अपात्र या गलत तरीके से दर्ज नामों के संबंध में आपत्ति दर्ज करायी जा सकती है. मतदाता सूची में दर्ज विवरण में आवश्यक संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन करने की प्रक्रिया भी समझायी गयी.
मोबाइल में डाउनलोड कराया ईसीआई नेट एप
इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी ने छात्राओं के मोबाइल फोन में निर्वाचन आयोग का मोबाइल एप ईसीआई नेट डाउनलोड कराया. इसके माध्यम से उपलब्ध मतदाता पंजीकरण और निर्वाचन संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी गयी. छात्राओं ने आवेदन एवं दावा-आपत्ति प्रक्रिया से संबंधित सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया.
कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मियों के अलावा निर्वाचन कार्यालय से जुड़े कर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









