लाभुक पंजीकरण और तकनीकी समस्याओं के समाधान पर प्रशिक्षण दिया
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 23 May 2026 8:50 PM
लाभुक पंजीकरण और तकनीकी समस्याओं के समाधान पर प्रशिक्षण दिया
लोहरदगा़ प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं इससे संबंधित प्रक्रियाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह प्रशिक्षण जिला समाज कल्याण लोहरदगा और आइपीइ ग्लोबल के तत्वावधान में आयोजित हुआ. इसमें जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं तथा संबंधित कर्मियों ने भाग लिया . इसका मुख्य उद्देश्य योजना के संचालन, पोर्टल प्रविष्टि, आवेदन प्रक्रिया, लाभुक स्वीकृति, भुगतान प्रक्रिया एवं अन्य तकनीकी तथा प्रशासनिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी देना था, ताकि प्रखंड एवं आंगनबाड़ी स्तर पर योजना का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके. समय पर पंजीकरण पर जोर : प्रशिक्षण के दौरान लंबित मामलों के निष्पादन, लाभुक पंजीकरण, चेहरा प्रमाणीकरण, त्रुटियों के सुधार, आधार जुड़ाव, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण चालू करने तथा राष्ट्रीय भुगतान निगम मैपिंग और तकनीकी समस्याओं से संबंधित प्रक्रियाओं पर विशेष रूप से चर्चा की गयी. साथ ही यह निर्देश दिया गया कि प्रथम प्रसव पूर्व जांच के एक सप्ताह के भीतर लाभुकों का पंजीकरण एवं आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाये, ताकि लाभ समय पर मिल सके . प्रखंड स्तर पर भी दिया जायेगा प्रशिक्षण : इस मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आलोका कुमारी चौधरी और आइपीइ ग्लोबल की ओर से अनूप समीर केरकेट्टा उपस्थित थे. बताया गया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम के उपरांत इसी प्रकार का प्रशिक्षण प्रखंड स्तर पर भी आयोजित किया जायेगा, ताकि आंगनबाड़ी सेविकाओं को योजना की विस्तृत जानकारी मिल सके. अधिकारियों ने जमीनी स्तर पर पारदर्शिता के साथ कार्य करने की अपील की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










