लोहरदगा में गूंजे नारे, एक तीर, एक कमान, सभी आदिवासी एक समान

लोहरदगा में गूंजे नारे, एक तीर, एक कमान, सभी आदिवासी एक समान
लोहरदगा़ सोमवार को आदिवासी छात्र संघ लोहरदगा के नेतृत्व में विभिन्न आदिवासी सामाजिक संगठनों ने कुर्मी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) कोटा में शामिल करने की योजना के विरोध में आदिवासी जन आक्रोश रैली निकाली. रैली में जिले के सैकड़ों आदिवासी युवक-युवतियां, महिला-पुरुष अपने पारंपरिक परिधान में, सरना झंडा और पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र लेकर शामिल हुए. बलदेव साहू कॉलेज परिसर से शुरू हुई रैली बरवाटोली चौक, अलका सिनेमा, पावरगंज चौक होते हुए कचहरी मोड़ से समाहरणालय मैदान पहुंची, जहां सभा की गयी. यहां एक तीर एक कमान, सभी आदिवासी एक समान, आदिवासी एकता जिंदाबाद, कुर्मी आदिवासी बनना बंद करो जैसे नारों से शहर गूंज उठा. सभा में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल झारखंड के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा़ इसमें मांग की गयी कि कुर्मी समुदाय को किसी भी परिस्थिति में एसटी कोटा में शामिल न किया जाये और इसके लिए संवैधानिक पहल की जाये. ज्ञापन सौंपने वालों में आदिवासी छात्र संघ के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उरांव, जिला अध्यक्ष अवधेश उरांव, महासचिव फूलचंद उरांव, केंद्रीय सरना समिति लोहरदगा के अध्यक्ष रघु उरांव, सरना प्रार्थना सभा के अध्यक्ष सोमदेव उरांव तथा स्वशासन पड़हा व्यवस्था के जिला सचिव जतरू उरांव शामिल थे. सभा को संबोधित करते हुए सुशील उरांव ने कहा कि झारखंड राज्य गठन के बाद से ही आदिवासियों के हक-अधिकार को छीनने का षड्यंत्र चल रहा है. कुरमी समुदाय का एसटी में शामिल होने का प्रयास उसी साजिश का हिस्सा है. कुरमी न कभी आदिवासी थे, न हैं, और न ही रहेंगे. फूलचंद उरांव ने कहा कि यह हमारे अधिकारों को छीनने की कोशिश है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. अवधेश उरांव ने कहा कि झारखंड के आदिवासी एक सूत्र में बंधे रहें, मंजिल खुद मिल जायेगी. सभा में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अभिनव सिद्धार्थ भगत, प्रोफेसर वरुण उरांव, रघु उरांव, जातरू उरांव, सोमदेव उरांव, पंकज भगत और महादेव उरांव ने भी अपने विचार रखे. फूलचंद उरांव ने शांतिपूर्ण रैली संपन्न कराने में प्रशासन काे धन्यवाद और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया़ .
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




