लोहरदगा के स्कूल में चोरी, प्रयोगशाला से लाखों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण गायब

लोहरदगा के नंदलाल प्लस टू स्कूल के प्रयोगशाला में चोरी के बाद जांच करते पुलिस अधिकारी. फोटो: प्रभात खबर
Lohardaga News: लोहरदगा के सेन्हा थाना क्षेत्र स्थित नंदलाल प्लस टू स्कूल में चोरों ने प्रयोगशाला का दरवाजा तोड़कर लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर लिए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
लोहरदगा से गोपी कृष्ण की रिपोर्ट
Lohardaga News: झारखंड के लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र स्थित राजकीय कृत नंदलाल प्लस टू उच्च विद्यालय, अरु में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने विद्यालय के प्रयोगशाला कक्ष का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसपैठ की और वहां रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चुरा लिया. घटना के बाद विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है.
सुबह स्कूल पहुंचने पर सामने आई घटना
बुधवार सुबह जब शिक्षक और छात्र-छात्राएं स्कूल पहुंचे, तब इस चोरी की घटना का खुलासा हुआ. प्रार्थना के बाद जब सभी छात्र अपनी-अपनी कक्षाओं में चले गए, उसी दौरान व्यवसायिक इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर के शिक्षक विक्रम कुमार महतो प्रयोगशाला कक्ष पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि ग्रिल और दरवाजे की कुंडी टूटी हुई है, जिससे उन्हें चोरी की आशंका हुई.
प्रयोगशाला कक्ष में सामान बिखरा मिला
घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी प्रधानाध्यापिका नैंसी सीमा लकड़ा अन्य शिक्षकों के साथ प्रयोगशाला कक्ष पहुंचीं. वहां का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए. कमरे में रखा गोदरेज अलमारी खुला हुआ था और उपकरण इधर-उधर बिखरे पड़े थे. इससे साफ था कि चोरों ने आराम से कमरे की तलाशी लेकर सामान चोरी किया है.
लाख रुपये से अधिक के उपकरण चोरी
जांच के दौरान जब प्रयोगशाला के उपकरणों का मिलान किया गया, तो कई महत्वपूर्ण सामान गायब पाए गए. इनमें सोल्डिंग मशीन, एलईडी मशीन, टीडीएस मशीन, मिनी इन्वर्टर बैटरी, गैलेंडर और वायर कटर जैसे उपकरण शामिल हैं. विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, चोरी हुए सामान की कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी जा रही है.
थाने में दर्ज हुआ मामला, जांच शुरू
इस घटना के संबंध में सेन्हा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि प्रभारी प्रधानाध्यापिका नैंसी सीमा लकड़ा के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया है.
असामाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर
थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर पुलिस की नजर है. इस चोरी की घटना में शामिल लोगों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा. पुलिस तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर मामले को सुलझाने में जुटी है.
इसे भी पढ़ें: बरियातू जमीन घोटाला मामले में दिलीप घोष को हाईकोर्ट से राहत नहीं, याचिका खारिज
विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि स्कूलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और स्कूल प्रबंधन भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी में है.
इसे भी पढ़ें: रांची में युवक की हत्या करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मंदिर से निकलते वक्त वारदात को दिया था अंजाम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




