भूमि की समस्या का समाधान किया जायेगा: सीओ
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 15 Apr 2026 9:44 PM
भूमि की समस्या का समाधान किया जायेगा: सीओ
सेन्हा. अंचल मुख्यालय स्थित प्रांगण में टाना भगत समुदाय, प्रखंड प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की बैठक संपन्न हुई. हाल ही में टाना भगत संघ ने अपनी मांगों को लेकर लोहरदगा–गुमला मार्ग को नौ घंटे तक जाम किया था. इसी संदर्भ में 15 अप्रैल को सीओ, थाना प्रभारी और जनप्रतिनिधियों के साथ समाधान हेतु बैठक आयोजित की गयी. बैठक में टाना भगत समुदाय ने खतियान में मालिकाना हक दर्ज करने, लगान का अधिकार देने, खनिज संपदा को बाहर न जाने देने और धार्मिक भूमि के संरक्षण की मांग रखी. इस पर सीओ पंकज कुमार भगत ने कहा कि उच्चाधिकारियों के आदेश के बिना कोई निर्णय संभव नहीं है. धार्मिक भूमि से जुड़ी समस्याओं के लिए गांववार सूची देने पर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि जमीन संबंधी किसी भी समस्या का समाधान अंचल कार्यालय में मिलकर कराया जा सकता है.
जिला परिषद सदस्य राधा तिर्की ने संविधान और व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि सभी मांगें कागज़ात के साथ प्रस्तुत करनी होंगी, ताकि उन्हें अंचलाधिकारी के माध्यम से उपायुक्त और सरकार तक भेजा जा सके. थाना प्रभारी नीरज झा ने विधि व्यवस्था बनाये रखने और समुदाय के साथ मिलकर समाधान करने की बात कही. बैठक में बीडीओ संग्राम मुर्मू, सांसद प्रतिनिधि नंदकिशोर शुक्ला, प्रभारी सीआई प्रवीण साहू समेत सैकड़ों टाना भगत महिला-पुरुष उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










