जिला परिषद मार्केट कॉम्प्लेक्स का ऊपरी तल्ला जर्जर, हादसे का खतरा

चंदवा जिला परिषद मार्केट कॉम्प्लेक्स की ऊपरी मंजिल जर्जर होने से दुकानदारों और राहगीरों की जान खतरे में है. प्रशासन से मरम्मत की मांग की गई है.
चंदवा (लातेहार): सरकार को लाखों रुपये राजस्व देने वाला जिला परिषद मार्केट कॉम्प्लेक्स इन दिनों बदहाल स्थिति में है. कॉम्प्लेक्स के ऊपरी तल्ले की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है. आए दिन छज्जे और प्लास्टर के टुकड़े टूटकर नीचे गिर रहे हैं, जिससे दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों की जान-माल पर खतरा बना हुआ है.
ऊपरी तल्ले की अधिकांश दुकानें जर्जर हालत के कारण लंबे समय से बंद पड़ी हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार पहले भी अवैज्ञानिक तरीके से निर्माण के कारण दुकानों में ग्राहक नहीं पहुंचते थे. ऊपरी तल्ले पर दुकानें तो बना दी गईं, लेकिन वहां पहुंचने के लिए केवल दो छोर से सीढ़ी बनाई गई थी.
इसके बाद सामने की ओर लोहे की सीढ़ी का निर्माण कराया गया, लेकिन जर्जर छत पर लोहे की सीढ़ी का भार भी परेशानी का कारण बन गया है. सीढ़ी बनने के बाद भी ऊपरी तल्ले की दुकानों में दुकानदारों और ग्राहकों ने रुचि नहीं दिखाई. वर्तमान में ऊपरी तल्ले की लगभग सभी दुकानें बंद पड़ी हैं.
भवन की खराब स्थिति के कारण न तो दुकानदार वहां जाना चाहते हैं और न ही ग्राहक पहुंच रहे हैं, जिससे लोहे की सीढ़ी भी लगभग अनुपयोगी साबित हो रही है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत या आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने जिला प्रशासन से मार्केट कॉम्प्लेक्स के ऊपरी तल्ले की तकनीकी जांच कराकर आवश्यक निर्णय लेने और भवन को सुरक्षित बनाने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










