जिला परिषद के नये कार्यालय भवन का हुआ भूमि पूजन और शिलान्यास

उद्घाटन करते अतिथि | Prabhat Khabar Network
लातेहार में नए जिला परिषद कार्यालय भवन का भूमि पूजन और शिलान्यास संपन्न हुआ. आधुनिक सुविधाओं से लैस यह भवन जिले के विकास और प्रशासनिक कार्यों को गति देगा.
लातेहार: जिला परिषद के नये कार्यालय भवन के निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया. नगर पंचायत कार्यालय के समीप आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन के साथ हुआ. मौके पर मनिका विधायक रामचंद्र सिंह और लातेहार विधायक प्रकाश राम ने कहा कि नया जिला परिषद भवन जिले के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा. इससे जनप्रतिनिधियों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को बेहतर एवं सुव्यवस्थित कार्य वातावरण मिलेगा. उन्होंने भवन निर्माण कार्य को शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने की अपेक्षा जताई.
उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि जिला परिषद का नया कार्यालय भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा. इससे जिला परिषद की प्रशासनिक कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनेगी. उन्होंने कहा कि भवन निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने कहा कि जिला परिषद का नया भवन जिले के विकास को नई गति देगा. इससे पंचायत प्रतिनिधियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और समन्वय में सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है.
उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद ने जिला परिषद लातेहार द्वारा किए जा रहे विकासात्मक एवं राजस्व संवर्धन कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला परिषद के नियंत्रणाधीन दुकानों से 2.44 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है. वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में बालूमाथ और महुआडांड़ की दुकानों से अब तक 33.33 लाख रुपये से अधिक तथा विभिन्न स्रोतों से लगभग 98.05 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका है. मौके पर विधायक प्रतिनिधि सोनू सिंह, हरिशंकर यादव, गौरव दास सहित कई अधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










