चंदवा में रामनवमी की भव्यता, भक्ति और शौर्य के संगम से गुंजायमान हुआ शहर

चंदवा में रामनवमी की भव्यता, भक्ति और शौर्य के संगम से गुंजायमान हुआ शहर
चंदवा़ धर्मनगरी चंदवा समेत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव रामनवमी शुक्रवार को पारंपरिक हर्षोल्लास और भक्तिपूर्ण वातावरण में मनाया गया. पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के जयघोष से गुंजायमान रहा. सुबह से ही शहर के शिवालयों, बजरंगबली मंदिरों, प्राचीन देवी मंडप और प्रसिद्ध मां उग्रतारा मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने घरों में महावीरी पताका फहराया और पारंपरिक शस्त्रों का पूजन किया. शोभायात्रा में दिखा शौर्य का प्रदर्शन : दोपहर बाद कामता, कुजरी और अलौदिया स्थित महावीर मंदिरों से भव्य शोभायात्रा निकाली गयी. यह यात्रा जब श्रीराम चौक पहुंची, तो वहां अखाड़ा का भव्य आयोजन हुआ. अखाड़ा में कलाकारों ने लाठी, तलवार और अन्य पारंपरिक शस्त्रों के साथ एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया. इसके बाद सुभाष चंद्र बोस चौक पर पतराटोली, डेमटोली, कंचननगरी और सरोज नगर की समितियों द्वारा झंडा मिलान किया गया. नगर भ्रमण के पश्चात शोभायात्रा देवी मंडप परिसर पहुंची, जहां माता शीतला के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की गयी. आकर्षक झांकियां और सेवा शिविर : शोभायात्रा के दौरान कंचन नगरी महावीर पूजा समिति, सरोज नगर श्री राम दरबार और अलौदिया महावीर मंदिर की ओर से निकाली गयी सजीव झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं. प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और बजरंगबली के स्वरूप में सजे बच्चे श्रद्धालुओं का मन मोह रहे थे. सेवा भाव की मिसाल पेश करते हुए प्रखंड सरना समिति, हिंदू उत्सव समिति, रामानंद साहू चैरिटेबल ट्रस्ट, फुटपाथ दुकानदार विक्रेता संघ, तैलिक-साहू समाज, आदर्श साहू परिवार युवा मंडली, नवयुवक तैलिक समाज, विवेकानंद किशोर संस्थान, रामनवमी पूजा समिति, बिपिन अग्रवाल, सुरेश चौरसिया व संदीप कानोडिया समेत अन्य संस्थानों ने विभिन्न स्थान पर शिकंजी, लस्सी, कोल्ड ड्रिंक्स, शरबत, चना-गुड़ व पानी की व्यवस्था की थी. प्रशासनिक सतर्कता और सुरक्षा : शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. बीडीओ चंदन प्रसाद, सीओ सुमित कुमार झा और पुलिस निरीक्षक रणधीर कुमार के नेतृत्व में विभिन्न चौक-चौराहों पर दंडाधिकारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी थी, जिससे पूरा उत्सव सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




