युवाओं को पोर्टल से जोड़ने व कौशल विकास के लिये दिये निर्देश

लातेहार में माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवाओं के कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष निर्देश जारी किए हैं।
लातेहार जिला समाहरणालय के सभागार में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित मेरा युवा भारत (माय भारत) की जिला सलाहकार समिति की प्रथम बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता उपायुक्त संदीप कुमार ने की. इस दौरान माय भारत की अवधारणा, उद्देश्यों, गतिविधियों और समिति की भूमिका व दायित्वों के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया. उपस्थित सदस्यों को अवगत कराया गया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पोर्टल से जोड़ना, उनका कौशल विकास करना, नेतृत्व क्षमता का निर्माण करना तथा राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है.
बैठक में माय भारत पोर्टल पर व्यापक पंजीकरण, जागरूकता अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और शैक्षणिक संस्थानों में माय भारत नोडल अधिकारी व कैंपस एंबेसडर के नामांकन पर चर्चा हुई. उपायुक्त संदीप कुमार ने निर्देश दिया कि जिले के सभी उच्च विद्यालयों, महाविद्यालयों, विभिन्न जिला स्तरीय विभागों एवं अन्य हितधारकों के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर प्रत्येक माह कार्यक्रम आयोजित किये जायें. इससे युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों को एक मंच पर लाया जा सकेगा. मौके पर डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद, युवा कार्यक्रम अधिकारी कंचन कुमारी और रेडक्रॉस के सचिव जावेद अख्तर सहित कई अधिकारी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










