स्कूल ढहेगा या बचेगा ,अदालत के 19 अगस्त की कार्रवाई पर सस्पेंस बरकरार
राजकीय उर्दू मध्य विद्यालय पोखरी | Prabhat Khabar Network
लातेहार के उर्दू मध्य विद्यालय को ढहाने या बचाने को लेकर सस्पेंस बरकरार है. 19 अगस्त को अदालत के आदेश पर प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं.
बेतला (लातेहार): लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत पोखरीकला स्थित राजकीयकृत उर्दू मध्य विद्यालय भवन को ढहाया जायेगा या प्रशासन किसी दूसरे विकल्प पर विचार करेगा, इसे लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है. व्यवहार न्यायालय लातेहार के आदेश के बाद प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गयी हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि डिक्री होल्डर को जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए क्या स्कूल भवन को हटाया जाएगा.
विद्यालय प्रबंधन समिति और ग्रामीण पूरे मामले को लेकर अलर्ट हैं. उनकी नजर प्रशासनिक अधिकारियों की गतिविधियों पर बनी हुई है. स्कूल भवन में रोजाना बच्चे पढ़ाई करते हैं, ऐसे में कार्रवाई की स्थिति में उनके भविष्य और पढ़ाई पर असर पड़ने की आशंका को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं.
अदालत ने कार्रवाई को अति आवश्यक श्रेणी में रखा
अदालत ने आदेश के तामीले को अति आवश्यक श्रेणी में रखा है. नजारत शाखा के नाजीर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संबंधित पक्षों को 19 अगस्त 2026 को मौके पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर सहयोग करने का निर्देश दिया है. निर्देश के अनुसार 19 अगस्त को सुबह 10:30 बजे दखल-देहानी यानी डिक्री होल्डर को जमीन पर कब्जा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जानी है. अब प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ बच्चों की पढ़ाई और स्कूल भवन से जुड़े मामले को संभालने की चुनौती है.
ये भी पढ़ें- नाग पंचमी पर 17 अगस्त को बनेगा दुर्लभ संयोग, आम्रेश्वर धाम में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
0.37½ एकड़ जमीन पर बना है स्कूल भवन
जिस 0.37½ एकड़ जमीन को खाली कराने की प्रक्रिया चल रही है, उस पर वर्तमान में राजकीयकृत उर्दू मध्य विद्यालय, पोखरीकला का भवन निर्मित है. विद्यालय में नियमित रूप से बच्चे पढ़ाई करते हैं. जारी नोटिस में जिला शिक्षा अधीक्षक और उर्दू मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक को भी पक्षकार बनाया गया है.
क्या है पूरा मामला
व्यवहार न्यायालय लातेहार के आदेश के आधार पर विवादित भूमि पर डिक्री होल्डर को कब्जा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. इस भूमि पर वर्तमान में स्कूल भवन बना हुआ है और बच्चों की पढ़ाई संचालित हो रही है. न्यायालय की नजारत शाखा के निर्देश के अनुसार आगामी 19 अगस्त को प्रशासनिक और दंडात्मक कार्रवाई के तहत दखल-देहानी की प्रक्रिया की जानी है. हालांकि, स्कूल भवन को लेकर प्रशासन की ओर से अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं की गयी है. इसी वजह से ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन समिति के बीच असमंजस बना हुआ है.
प्रधानाध्यापक ने वरीय अधिकारियों को दी जानकारी
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक खालिद अंसारी ने कहा कि नोटिस मिलने के बाद पूरे मामले की जानकारी वरीय पदाधिकारियों को दे दी गयी है. उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति को लेकर सस्पेंस बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







