नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर विधायक से मिले चयनित सहायक आचार्य

नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर विधायक से मिले चयनित सहायक आचार्य
बरवाडीह़ झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा चयनित सहायक आचार्य अभ्यर्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को मनिका विधायक रामचंद्र सिंह से उनके मंगरा स्थित आवास पर मिला. अभ्यर्थियों ने विधायक को आवेदन सौंपकर बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद वे पिछले तीन महीनों से नियुक्ति पत्र का इंतजार कर रहे हैं. जनवरी में ही पूरी हो चुकी है काउंसलिंग : प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को अवगत कराया कि कक्षा एक से पांच के लिए 157 और कक्षा छह से आठ के लिए 167 अभ्यर्थियों का परिणाम दिसंबर 2025 में ही घोषित कर दिया गया था. काउंसलिंग सहित सभी विभागीय औपचारिकताएं जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में पूरी कर ली गयी थी. इसके बावजूद अब तक नियुक्ति पत्र जारी नहीं किया गया है. नौकरी छोड़ फंसे अभ्यर्थी, आर्थिक स्थिति गंभीर : अभ्यर्थियों ने अपना दर्द साझा करते हुए कहा कि इस नियुक्ति की उम्मीद में कई उम्मीदवारों ने अपनी पिछली नौकरियां छोड़ दी थीं. नियुक्ति में हो रही देरी के कारण अब उनके सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और वे मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं. शिक्षा सचिव से बात करेंगे : विधायक : विधायक रामचंद्र सिंह ने अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना. उन्होंने आश्वासन दिया कि वे इस विषय पर राज्य के शिक्षा सचिव से बात करेंगे और जल्द से जल्द नियुक्ति पत्र दिलाने की दिशा में ठोस पहल करेंगे. मौके पर गुलाम अनवर, अमित कुमार, राजमोहन सिंह, अलाउद्दीन अंसारी सहित कई चयनित अभ्यर्थी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




