नेशनल हाइवे निर्माण कंपनी ने मिटाया तालाब व चेकडैम का अस्तित्व
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 10 Jun 2026 9:55 PM
नेशनल हाइवे निर्माण कंपनी ने मिटाया तालाब व चेकडैम का अस्तित्व
लातेहार ़ जिले के मनिका प्रखंड अंतर्गत एजामड़ सिवाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे निर्माण कंपनी भारत वाणिज्य द्वारा एक सरकारी तालाब और चेकडैम के अस्तित्व को पूरी तरह समाप्त करने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है. मनिका अंचल अधिकारी द्वारा 06 जून 2026 को जारी आधिकारिक जांच रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की गयी है. रिपोर्ट के अनुसार, सड़क निर्माण और चौड़ीकरण की आड़ में कंपनी ने इन महत्वपूर्ण जलस्रोतों को खोदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया है. सीओ ने मामले को संज्ञान में लेते हुए वनों के क्षेत्र पदाधिकारी (मनिका) को जांच प्रतिवेदन सौंपकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया है. साथ ही इस रिपोर्ट की एक प्रति लातेहार उपायुक्त को भी भेजी गयी है. 4.25 एकड़ वन भूमि पर अवैध उत्खनन : अंचल अमीन और राजस्व उप-निरीक्षक द्वारा की गयी संयुक्त स्थलीय जांच में कंपनी की मनमानी पूरी तरह स्पष्ट हो गयी है. जांच के मुताबिक, मौजा-एजामड़, खाता संख्या-64, प्लॉट संख्या-5 की 4.25 एकड़ सरकारी भूमि, जो वन विभाग के नाम पर दर्ज है, वहां बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध उत्खनन किया गया है. गौरतलब है कि इस पर्यावरणीय क्षति का मुद्दा गत 30 मई को आयोजित दिशा की बैठक में पंकज सिंह ने प्रमुखता से उठाया था. उन्होंने प्रशासन को कंपनी की अवैध गतिविधियों से अवगत कराते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की थी, इसके बाद अंचल प्रशासन ने यह जांच शुरू की थी. कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी : जांच रिपोर्ट आने के बाद भाजपा जिला महामंत्री सह एनएचएआइ के जिला सांसद प्रतिनिधि छोटू राजा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक जांच ने निर्माण कंपनी के कुकृत्यों और मनमानी को पूरी तरह उजागर कर दिया है. श्री राजा ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी कंपनी के खिलाफ अविलंब सख्त और दंडात्मक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन इस मामले में ढुलमुल रवैया अपनाता है और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो वे स्थानीय ग्रामीणों को एकजुट कर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










