जेजेएमपी का पांच लाख का इनामी सबजोनल कमांडर व एरिया कमांडर गिरफ्तार

जेजेएमपी का पांच लाख का इनामी सबजोनल कमांडर व एरिया कमांडर गिरफ्तार
लातेहार ़ पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के सबजोनल कमांडर और पांच लाख रुपये के इनामी शिव नारायण सिंह उर्फ शिवा सिंह, उर्फ शिव उर्फ शिवा उर्फ कइला (जेर गोदना, लातेहार) को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने संगठन के एरिया कमांडर सुकुल देव उरांव (सिमरियाटाड़, लातेहार) को भी दबोच लिया. दोनों को जेल भेज दिया गया है. एसपी कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि शिवा सिंह अपने दस्ते के साथ सदर थाना क्षेत्र में भ्रमणशील है. इसके बाद पुलिस निरीक्षक प्रमोद कुमार सिन्हा के नेतृत्व में गठित टीम ने धनकारा मोड़ के पास घेराबंदी कर शिवा सिंह को दबोचा. इसके बाद उसकी निशानदेही पर सिमरियाटाड़ तुपुखुर्द से सुकुल देव उरांव की गिरफ्तारी हुई.
सरेंडर करें बचे उग्रवादी :
एसपी ने बताया कि सबजोनल कमांडर शिवा सिंह पर लातेहार, चतरा, पलामू और रांची जिले के विभिन्न थानों में कुल 24 मामले दर्ज हैं. वहीं, एरिया कमांडर सुकुल देव उरांव पर लातेहार में दो मामले दर्ज हैं. एसपी ने कहा कि शिवा की गिरफ्तारी के बाद जिले में जेजेएमपी संगठन लगभग समाप्ति की ओर है. उन्होंने बचे हुए उग्रवादियों से आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाने की अपील की है. प्रेस वार्ता में एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे. वहीं, इस छापामारी अभियान में सहायक अवर निरीक्षक विक्रांत कुमार उपाध्याय, कांता कुमार, संतोष कुमार, आरक्षी मनोज कुमार पासवान और दीपक कुमार सिंह शामिल थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










