रजिस्ट्री की संख्या बढ़ायें और लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें : आयुक्त
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 13 Apr 2026 10:01 PM
रजिस्ट्री की संख्या बढ़ायें और लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें : आयुक्त
लातेहार ़ प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने सोमवार को जिला समाहरणालय स्थित अवर निबंधन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निबंधन व्यवस्था की कार्यकुशलता, पारदर्शिता और जनसेवा की गुणवत्ता का बारीकी से मूल्यांकन किया. आयुक्त का स्थानीय परिषदन में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता समेत अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया, इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. अभिलेखों की जांच और मानव संसाधन पर चर्चा : आयुक्त ने कार्यालय की आगत-निर्गत पंजी, फी बुक और दस्तावेज निबंधन रजिस्टर समेत सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की. उन्होंने अवर निबंधन पदाधिकारी को सभी रिकॉर्ड त्रुटिरहित और सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया. जब जिला अवर निबंधन पदाधिकारी ने कार्यालय में कर्मियों की कमी की ओर ध्यान आकृष्ट कराया, तो आयुक्त ने इस संबंध में विधिवत आवेदन देने को कहा ताकि विभाग को रिपोर्ट भेजी जा सके. राजस्व लक्ष्य और ऑनलाइन प्रणाली पर जोर : समीक्षा के दौरान पाया गया कि कार्यालय में वर्तमान में औसतन केवल 12 रजिस्ट्री प्रतिदिन होती है. आयुक्त ने इस संख्या को बढ़ाने और लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने ऑनलाइन निबंधन प्रणाली को और प्रभावी बनाने तथा भुगतान प्रक्रिया को सहज बनाने का निर्देश दिया ताकि नागरिकों को अनावश्यक विलंब न हो. फर्जीवाड़े पर रोक और सतर्कता : आयुक्त ने स्पष्ट किया कि भूमि दस्तावेजों के सत्यापन में पूरी सतर्कता बरती जाये. उन्होंने फर्जीवाड़ा रोकने और प्रतिबंधित भूमि के निबंधन पर कड़ाई से रोक लगाने पर बल दिया. मौके पर एसडीओ अजय कुमार रजक, आइटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, अवर निबंधन पदाधिकारी बिपिन साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










