नेतरहाट के दौना गांव में वृद्ध को ''''डायन'''' बता पिलाया मैला

नेतरहाट के दौना गांव में वृद्ध को 'डायन' बता पिलाया मैला
महुआडांड़ (लातेहार)़ नेतरहाट (लातेहार) थाना क्षेत्र स्थित दौना गांव से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आयी है. यहां एक वृद्ध व्यक्ति फुदन मुंडा को ””डायन”” बताकर जबरन मैला पिलाने का गंभीर आरोप लगा है. घटना मंगलवार की बतायी जा रही है. इससे पूरे क्षेत्र में सनसनी है. साजिशन बुलायी बैठक : पीड़ित के पुत्र ब्रजेश मुंडा के अनुसार, गांव के ही छतना मुंडा, धनेश्वर मुंडा और कृष्णा मुंडा समेत करीब 15 लोगों ने एक बैठक बुलायी थी. बैठक में आरोपियों ने फुदन मुंडा पर अंधविश्वास से जुड़ा आरोप मढ़ा कि वे ””डायन”” हैं और उन्हीं की वजह से एक महिला की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हुई है. इसके बाद भीड़ ने वृद्ध को पकड़कर अमानवीय कृत्य करते हुए जबरन मैला पिला दिया. ब्रजेश ने बताया कि आरोपियों ने उसकी मां के साथ भी यही करने की कोशिश की, जिसका उसने कड़ा विरोध किया. विरोध करने पर जलसहिया से मारपीट : गांव की जलसहिया हीना देवी ने जब इस अमानवीय कृत्य को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी कृष्णा मुंडा ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें बैठक से भगा दिया. ब्रजेश मुंडा ने बताया कि वह भी उस बैठक में मौजूद था. घटना के संबंध में जलसहिया हीना देवी के पति बिरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में उनकी पत्नी ने लोगों को समझाने की कोशिश की तो कृष्णा मुंडा व सीताराम यादव ने मारपीट कर उसे बैठक से भगा दिया. पीड़ित फुदना मुंडा ने बताया कि छतना मुंडा ने उसे मैला पिलाया है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि बुधवार को जब वे न्याय के लिए नेतरहाट थाना पहुंचे, तो उन्हें समझा-बुझाकर वापस भेज दिया गया. थाना प्रभारी का अलग दावा : इस संवेदनशील मामले पर नेतरहाट थाना प्रभारी अभिषेक कुमार का पक्ष पूरी तरह अलग है. उन्होंने मैला पिलाने की बात से साफ इनकार करते हुए कहा कि दौना गांव में ””बैगा”” (पुजारी) के चुनाव को लेकर कुछ विवाद था, जिसे पुलिस ने मौके पर जाकर सुलझा लिया है. मैला पिलाने जैसी कोई बात नहीं हुई है. हालांकि, पीड़ित पक्ष अपने आरोपों पर कायम है और न्याय की गुहार लगा रहा है. अंधविश्वास की आड़ में हुई इस घटना ने सामाजिक चेतना पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




