खेत से घर लौट रहे किसान मजदूर पर वज्रपात, मौके पर ही मौत
मृतक बलराम उरांव. | Prabhat Khabar Network
झारखंड के बारियातू में वज्रपात की चपेट में आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। धान रोपनी कर घर लौटते समय हुआ हादसा, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
लातेहार: थाना क्षेत्र के साल्वे पंचायत अंतर्गत अलखडीहा टोला में बुधवार की शाम वज्रपात की चपेट में आने से एक किसान मजदूर की मौत हो गयी. मृतक की पहचान बलराम उरांव (40 वर्ष), पिता भोला उरांव के रूप में की गयी.
जानकारी के अनुसार बलराम अपनी पत्नी फुलमनी के साथ खेत में धान रोपनी कर घर वापस लौट रहा था. इसी दौरान अचानक बारिश होने लगी. बारिश के बीच ही अचानक जोर की आवाज के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में बलराम आ गया. वह घटनास्थल पर ही अचेत होकर गिर गया.
परिजनों ने घटना की सूचना तत्काल मुखिया राजीव भगत को दी. सूचना मिलते ही मुखिया श्री भगत ने बालूमाथ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अशोक कुमार करमाली से दूरभाष पर बात की. निजी वाहन से घायल बलराम को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. यहां चिकित्सक दयानंद कुमार व चंदन कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे दो पुत्र व एक पुत्री छोड़ गया है. मामले में पत्नी ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है. कहा कि अगर समय पर एंबुलेंस मिल जाता, तो उनके पति की जान बच जाती.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










