चंदवा, बालूमाथ और हेरहंज में ईद की धूम, देश में अमन-चैन की मांगी दुआ

Updated:
विज्ञापन
चंदवा, बालूमाथ और हेरहंज में ईद की धूम, देश में अमन-चैन की मांगी दुआ

चंदवा, बालूमाथ और हेरहंज में ईद की धूम, देश में अमन-चैन की मांगी दुआ

विज्ञापन

चंदवा / बालूमाथ / बारियातू / हेरहंज ़ लातेहार जिले के विभिन्न प्रखंडों में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार अकीदत और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया. पवित्र रमजान माह की समाप्ति के बाद सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों का सैलाब उमड़ पड़ा. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और मुल्क में खुशहाली व तरक्की की दुआ मांगी. चंदवा और बालूमाथ में रहा उत्साह : चंदवा स्थित मदीना मस्जिद और जामा मस्जिद समेत विभिन्न मस्जिदों में निर्धारित समय पर नमाज अदा की गयी. मुफ्ती गुलजार ने सामाजिक एकता और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश दिया. प्रशासन की ओर से सीओ सुमित कुमार झा और बीडीओ चंदन प्रसाद क्षेत्र में मुस्तैद रहे. वहीं, बालूमाथ के पांकी रोड स्थित ईदगाह में मौलाना मजहर ने नमाज अदा करायी. यहां मुस्लिम यूथ कमेटी ने नमाजियों के लिए शरबत और सेवइयों का विशेष प्रबंध किया था. अंचल निरीक्षक बासुदेव महतो व पुलिस बल सुरक्षा में तैनात दिखे. बारियातू व हेरहंज में अकीदत का मंजर : बारियातू प्रखंड मुख्यालय सहित इटके, शिबला, साल्वे और नावाडीह के ईदगाहों में शांतिपूर्ण नमाज संपन्न हुई. थाना प्रभारी रंजन पासवान दल-बल के साथ गश्त करते नजर आयें. हेरहंज, नवादा और हुम्बू समेत ग्रामीण क्षेत्रों में भी ईद का उत्साह चरम पर रहा. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने नये वस्त्र धारण कर नमाज अदा की. खिलायी गयीं मीठी सेवइयां : नमाज के बाद दिन भर घरों में मेल-मिलाप का दौर चला. लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर लजीज पकवानों और मीठी सेवइयों का आनंद लिया. समाज के समर्थ लोगों ने गरीबों के बीच दान (जकात) कर खुशियां बांटीं. प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के कारण पूरे जिले में त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.

विज्ञापन
Shailesh Ambashtha

लेखक के बारे में

By Shailesh Ambashtha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola