कोडरमा: बाबा के दर्शन कर लौट रहे थे कांवरिये, रास्ते में काल ने छीना 10 साल का मासूम; एक ही परिवार के 3 की मौत
घायल़ | Prabhat Khabar Network
कोडरमा के सतगावां में गया-देवघर मार्ग पर कांवरियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त। हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत, दो दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल।
कोडरमा: कोडरमा के सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत गया-देवघर मुख्य मार्ग पर पोखरडीहा मोड़ के समीप शुक्रवार की अहले सुबह करीब 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहां देवघर से राजगीर (बिहार) जा रही कांवरियों से भरी एक अनियंत्रित बस ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
इस हादसे में एक मासूम बच्चे समेत तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए़ गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर किया गया है. मृतकों में 10 वर्षीय शिवम कुमार, उसकी दादी सुंदर बाला तथा रिश्ते में उसके दादा नवल किशोर शामिल हैंं. तीनों मृतक एक ही परिवार के हैं.
जानकारी के अनुसार नेपाल के रौहट जिले के डुमरिया और पोठिआई से करीब 45 कांवरियों का जत्था देवघर में बाबा बैद्यनाथ और बासुकीनाथ का दर्शन पूजन करने के बाद राजगीर जा रहा था. लगातार रात भर गाड़ी चलाने के कारण सुबह करीब 4 बजे पोखरडीहा मोड़ के पास चालक को झपकी आ गई़ इस वजह से बस सीधे सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी, टक्कर इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन में बैठे श्रद्धालु अंदर ही फंस गए़ घटना के समय जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए़ वहीं सूचना मिलते ही सतगावां थाना प्रभारी बबलू सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे.
पुलिस और स्थानीय लोगों ने भारी मशक्कत के बाद बस में फंसे कांवरियों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया जहां शिवम कुमार 10 वर्ष की इलाज के दौरान हीं मौत हो गई़ इसके अलावा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान सुंदर बाला व नवल किशोर की मौत हो गई़
ये हैं घायल
घायलों में धर्मेंद्र कुमार सिंह, वीरेंद्र शाह, जयलाल यादव, अंशु चौधरी, विलो ठाकुर, ईश्वर मोदी, विकास यादव, गीता देवी, सविता देवी, राम कैलाश जायसवाल, दिनेश कुमार, लालबाबू यादव, रिंकू देवी, कमल किशोर, सितवी राम, राम बहादुर, महुआ देवी, अनुराग कुमार, ढोला मंडल, सरस्वती देवी, मंजू देवी, ललन कुमार, सुमित कुमार, सुबीर राम, राम प्रसाद साव, गिरिजा देवी, सचिन साव, रामेश्वर शाह तथा बस का उप चालक नूर मोहम्मद शामिल है.
थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह ने बताया कि बस नेपाल से बाबा बैद्यनाथ धाम दर्शन के लिए आई थी और बासुकीनाथ से राजगीर जा रही थी. जांच में स्पष्ट हुआ है कि चालक शक्ति गजवे को नींद आने के कारण यह घटना घटी. बस में करीब 45 कांवरिया सवार थे. सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को सदर अस्पताल कोडरमा रेफर किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








