हॉस्टल गार्ड के रूम से कारतूस बरामद

निजी स्कूल में कक्षा दसवीं के छात्र की मौत का मामला गरमाया
निजी स्कूल में कक्षा दसवीं के छात्र की मौत का मामला गरमाया परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के विरुद्व लगाए संगीन आरोप, दर्ज कराया केस कोडरमा. शहर के महाराणा प्रताप चौक के पास संचालित एक निजी विद्यालय में कक्षा दसवीं के छात्र की मौत के मामले ने सोमवार को तूल पकड़ लिया. रविवार शाम को स्कूल के हॉस्टल में रह रहे लक्खीबागी फरेंदा कोडरमा निवासी 14 वर्षीय उदित कुमार राज (पिता विजय यादव) की कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या किये जाने के मामले में परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर संगीन आरोप लगाया है़ आरोप है कि छात्र के शरीर पर चोट के निशान हैं. ऐसे में उसके साथ कुछ गलत हुआ है और उसकी हत्या की गयी है़ सोमवार दोपहर को इस मामले को लेकर आक्रोशित परिजनों व लोगों ने छात्र के शव के साथ महाराणा प्रताप चौक पर रांची-पटना रोड को जाम कर दिया़ लोग विद्यालय प्रबंधन पर आक्रोश जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे़ इस बीच पुलिस ने रविवार की देर रात निजी स्कूल के हॉस्टल में जांच के दौरान हॉस्टल के गार्ड के रूम से 12 कारतूस बरामद किया है़ 315 बोर का कारतूस प्लास्टिक में रखा हुआ था़ पुलिस ने मौके पर से ही गार्ड विकास कुमार को गिरफ्तार किया है़ गार्ड से पूछताछ की जा रही है़ पुलिस के अनुसार, कारतूस बरामदगी का छात्र की मौत के मामले से कोई कनेक्शन नहीं है़ दूसरी ओर मृतक के भाई आदित्य राज ने सड़क जाम के दौरान स्कूल के निदेशक व अन्य की गिरफ्तारी की मांग उठायी. साथ ही गोली बरामद होने के मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया़ जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को निजी स्कूल के हॉस्टल में छात्र उदित कुमार ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी़ सदर अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था़ मामले में शुरुआत में मृतक के भाई ने बताया था कि रविवार को वह दोपहर में व शाम में उदित से उसके हॉस्टल में जाकर मिला था. इस दौरान वह पूरी तरह ठीक था़ कुछ देर बाद उसके द्वारा आत्महत्या किये जाने की बात पूरी तरह संदिग्ध है़ भाई के अनुसार उदित इस तरह का कदम नहीं उठा सकता है़ उदित अपने क्लास का टॉपर था और एक माह पहले ही हॉस्टल में रहने आया था़ करीब एक घंटे तक जाम रही सड़क : आक्रोशित परिजनों ने दोपहर करीब डेढ़ बजे से ढाई बजे तक रांची-पटना रोड को जाम रखा़ इस दौरान दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतार लग गयी. जाम की सूचना पर एसडीओ ओमप्रकाश मंडल, एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह, सीओ रवि भूषण प्रसाद, बीडीओ मनोज कुमार रवि, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार व अन्य जाम स्थल पर पहुंचे़ पदाधिकारियों ने जल्द मामले का खुलासा करने का आश्वास दिया. इस आश्वासन के बाद जाम हटा लिया गया. जाम स्थल पर राजद के वरिष्ठ नेता सुभाष यादव भी पहुंचे थे़ बातचीत के क्रम में एसडीपीओ अनिल सिंह ने बताया कि छात्र के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जायेगी़ उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन का ये दोष जरूर है कि अगर छात्र फांसी के फंदे पर था, तो उसको उतारना नहीं चाहिए था़ पहले पुलिस को सूचना देनी थी़ हॉस्टल में जांच के लिए पहुंचे अधिकारी : छात्र द्वारा कथित रूप से आत्महत्या किये जाने के मामले की जांच के लिए पुलिस टीम जहां रविवार देर रात हॉस्टल गयी थी, वहीं पुलिस प्रशासन के वरीय अधिकारी सोमवार को एक बार फिर हॉस्टल पहुंचे़ एसडीओ ओमप्रकाश मंडल, एसडीपीओ अनिल सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने हर पहलू पर जानकारी लेने का प्रयास किया़ साथ ही उस कमरे को बंद कर दिया, जहां कथित रूप से छात्र ने आत्महत्या की थी़ जांच टीम ने विभिन्न थाना के प्रभारी भी शामिल थे़ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान प्रथम दृष्टया आत्महत्या किये जाने की जानकारी सामने आयी है़ कारतूस बरामदगी को लेकर गार्ड के विरुद्ध केस दर्ज : तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि स्कूल के हॉस्टल के गार्ड के रूम से कारतूस बरामद होने के मामले में पुलिस ने अपने स्तर से केस दर्ज किया है़ मामले में पकड़े गये गार्ड विकास कुमार निवासी चतरा को पूछताछ के बाद जेल भेजे जाने की तैयारी है़ हालांकि, यह कारतूस उसने कहां से लाया था और किस वजह से रखा था, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी है़ पिता ने प्रबंधन के विरुद्व दर्ज कराया केस : छात्र उदित राज की संदिग्ध मौत के मामले में पिता विजय कुमार यादव ने तिलैया थाना में आवेदन दिया है़ सोमवार शाम को दिये गये आवेदन में पुत्र की हत्या का आरोप विद्यालय प्रबंधन व अन्य छात्र पर लगाया गया है़ थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है़
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










