चंदवारा स्कूल में तोड़फोड़ व आगजनी

Updated at : 14 Sep 2016 7:25 AM (IST)
विज्ञापन
चंदवारा स्कूल में तोड़फोड़ व आगजनी

लोगों ने चंदवारा थाना का किया घेराव, मुखिया की गिरफ्तारी व थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग चंदवारा : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के आचार्य कवि कुमार गुप्ता उर्फ सोनू कुमार की माैत काे परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताये जाने के बाद चंदवारा में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. मंगलवार को […]

विज्ञापन
लोगों ने चंदवारा थाना का किया घेराव, मुखिया की गिरफ्तारी व थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग
चंदवारा : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के आचार्य कवि कुमार गुप्ता उर्फ सोनू कुमार की माैत काे परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताये जाने के बाद चंदवारा में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. मंगलवार को दो गुटों के बीच दो बार हिंसक झड़प होते-होते बची. सुबह में एक वर्ग विशेष के युवकों ने गांव के ही महरू मोदी को धमकी दी. उन्होंने इसकी प्राथमिकी भी दर्ज करायी है.
इसके बाद दोनों गुट के लोग आमने-सामने आ गये. पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला. शाम में एक गुट के लोगों ने एक सरकारी स्कूल में तोड़फोड़ और आगजनी कर दी. वहीं, दूसरे गुट के लोगों ने एक गुमटी में आग लगा दी. पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया. दूसरी ओर, महरू मोदी को धमकी देने के विरोध में पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला व अन्य लोग चंदवारा थाना पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पूर्व सांसद यशवंत सिन्हा भी चंदवारा पहुंचे और मृतक कवि के परिजनों से मिले.
उन्होंने लोगों से संयम बरतने की अपील की. वहीं, पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक को चौपारण से गिरफ्तार कर लिया गया है. इस बीच देर शाम रिम्स (रांची) में मृतक कवि कुमार के शव का दाेबारा पोस्टमार्टम करा परिजन चंदवारा लौटे. पुलिस उसका अंतिम संस्कार कराने की तैयारी में जुटी है.
सुबह से ही पदाधिकारी इलाके में कैंप किये हुए
तनाव को लेकर सुबह से ही पुलिस व प्रशासन के वरीय पदाधिकारी इलाके में कैंप किये हुए हैं. डीसी संजीव कुमार बेसरा, एसपी जी क्रांति कुमार, डीडीसी सूर्य प्रकाश व अन्य पदाधिकारी थाना में हैं. एसपी ने इलाके में पुलिस फोर्स के साथ फ्लैग मार्च भी किया. उन्होंने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है. मंगलवार सुबह जिस युवक ने धमकी दी थी, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. एसपी ने लोगों से अफवाह पर ध्यान न देने और संयम बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि पुलिस ईमानदारी से मामले की जांच कर रही है.
सुबह में कुछ युवकों ने दी धमकी
जानकारी के मुताबिक, मृतक कवि कुमार के घर के पास ही महरू मोदी का घर है. मंगलवार सुबह छह बजे जब वह घर के दरवाजे पर खड़े थे. उसी समय नासिर कुछ समर्थकों के साथ पहुंचा और अपशब्द कहने लगा़ उसने धमकी दी कि अभी एक की हत्या हुई है, किसी को मुहल्ले में नहीं रहने देंगे. महरु मोदी का आरोप है कि युवकों ने भुजाली से उन्हें जान मारने की कोशिश भी की. उसने किसी तरह भाग कर जान बचायी. इस घटना के बाद गांव के दोनों गुटों के लोग आमने-सामने आ गये.
कोट
अब स्थिति नियंत्रण में है. गांव में नाली जाम करने को लेकर पहले से विवाद था. बरही के पूर्व विधायक उमाशंकर यादव आये थे. उन्होंने नसीम मियां पर अवैध रूप से नाली को जाम करने तथा उसका अतिक्रमण करने का आरोप लगाया था. नाली को अतिक्रमण से मुक्त करने की मांग लोगों ने की है. अतिक्रमण को हटाने का आश्वासन देने पर मामला शांत हुआ है.
क्रांति कुमार, एसपी, कोडरमा
लोगों ने थाना घेरा, आरोपी गिरफ्तार
आचार्य की हत्या व महरू मोदी को धमकी दिये जाने की घटना के बाद भाजपा के बरही से पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला व अन्य लोग चंदवारा पहुंचे और थाना का घेराव किया. साथ ही महरू मोदी को धमकी देनेवाले आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. पुलिस ने बताया कि धमकी देनेवाले आरोपी युवक को चौपारण से गिरफ्तार कर लिया गया है. लोग स्थानीय मुखिया की गिरफ्तारी के साथ ही थाना प्रभारी वकार हुसैन को निलंबित करने की भी मांग कर रहे थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola