आधी आबादी में बढ़ा फिटनेस का क्रेज

Updated at : 20 Jun 2017 9:18 AM (IST)
विज्ञापन
आधी आबादी में बढ़ा फिटनेस का क्रेज

शहर में विभिन्न स्थानों पर लग रही योग कक्षाएं, बढ़-चढ़ कर भाग ले रही महिलाएं निरोग रहने के लिए महिलाओं व युवतियों ने भी अपनाया योग झुमरीतिलैया : महानगरों की तर्ज पर अब खुद को फिट रखने के लिए कोडरमा में भी आधी आबादी जागरूक दिख रही है. खुद को फिट रखने का क्रेज इतना […]

विज्ञापन
शहर में विभिन्न स्थानों पर लग रही योग कक्षाएं, बढ़-चढ़ कर भाग ले रही महिलाएं
निरोग रहने के लिए महिलाओं व युवतियों ने भी अपनाया योग
झुमरीतिलैया : महानगरों की तर्ज पर अब खुद को फिट रखने के लिए कोडरमा में भी आधी आबादी जागरूक दिख रही है. खुद को फिट रखने का क्रेज इतना बढ़ गया है कि अहले सुबह महिलाएं व युवतियां मार्निंग वाक पर तो निकल ही रही है, योग के सहारे भी खुद को फिट रखने की कोशिश कर रही है. शहर की विभिन्न गली-मुहल्लों का दृश्य अब रोमांचित करनेवाला होता है. सुबह-सवेरे काम-काजी महिलाओं से लेकर घरेलू महिलाएं भी अपनी सेहत को लेकर सजग दिख रही हैं. यहीं कारण है की करीब तीन से चार जगहों पर महिलाओं के लिए योग की कक्षाएं व शिविर चल रही हैं.
शहर में संचालित हो रहे योग शिविर में प्रशिक्षक प्रदीप सुमन, सुषमा सुमन, आकाश सेठ के अलावा कई लोग योग की क्रिया सिखाते हैं. योग शिक्षकों के अनुसार योग को लेकर महिलाएं (आधी आबादी) भी जागरूक हुई है. योग सिख कर फिट रहने का जुनून दिख रहा है.
योग से वजन घट रहा है, घुटने व जोड़ों के दर्द से भी आराम मिल रहा है. ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं श्रम कर अपने शरीर को फिट रखने में कामयाब है, शहर में ऐसा नहीं हो पाता. गांव में खेती-बारी से लेकर घर के कामों में प्रतिदिन महिलाएं जुटी रहती हैं, जबकि शहरी महिलाएं नौकरी पेशा करने के साथ-साथ व्यवसाय में भी हाथ बंटा रही है.
इस कारण वह घर के कामकाज से दूर रहती है. यहीं वजह है कि मोटापा बढ़ता है. इस उद्देश्य से महिलाएं अब अपने शरीर के फिटनेस के प्रति जागरूक हुई हैं. खास कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दो वर्ष पूर्व 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित करने के बाद इसके प्रति और जागरूकता बढ़ी है, विभिन्न जगहों के अलावा घरों में भी महिलाएं, युवतियां योग के आसन भ्रामरी, उदगीत, अनुलोम विलोम, कपालभाति, भरस्तिका, सूर्य नमस्कार आदि कर रही हैं.
नियमित रूप से करना चाहिए योग : डाॅ मयूरी सिन्हा
डॉ मयूरी सिन्हा के अनुसार सभी को नियमित रूप से योग करना चाहिए. सुबह का माहौल प्रदूषण मुक्त रहता है. ऐसे माहौल में योग करने से काफी लाभ होता है. उन्होंने कहा कि आज के समय में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग सबसे अच्छा उपाय है. खास कर उन महिलाओं के लिए सबसे जरूरी है, जो मां बनने की दहलीज पर खड़ी हों, क्योंकि इस दौरान महिलाओं के शरीर मे कई तरह के परिवर्तन होते हैं, जो उनकी थकान तनाव व शारीरिक कमजोरी का कारण बनते है. इस समस्या के समाधान के लिए योग सबसे अहम भूमिका अदा करता है. नियमित योग करने से ब्लड प्रेशर, शुगर आदि नियंत्रित रहता है.
योग से काम करने की क्षमता बढ़ी : संगीता
शहर की संगीता केडिया गृहिणी है. पहले वह योग नहीं करती थी, तो खुद को तरोताजा भी नहीं पाती थी. अब योग व वॉकिंग से उनकी स्थिति बदली है. उनके अनुसार जब से उन्होंने योग की कक्षा में जाना शुरू किया है.
काम करने की क्षमता में वृद्धि हुई है. संगीता के अनुसार अब खुद को दिन भर तरोताजा महसूस करती हूं. उन्होंने कहा कि हमें अपने व्यस्त जिंदगी में कुछ देर निकाल कर नियमित रूप से योग को अपनाना चाहिए.
शांति की अनुभूति के साथ दूर होता है आलस्य : पूनम
गृहिणी पूनम भारद्वाज भी इन दिनों योग करती हैं. प्रभात खबर से बातचीत में उन्होंने कहा कि योग करने से उन्हें दिव्य शांति की अनुभूति होती है. साथ ही मन का आलस्य दूर रहता है. पूनम के अनुसार उन्होंने नियमित योग करके अपने शरीर के दर्द को दूर किया है. उन्होंने कहा कि वह रोज सुबह पांच बजे योग कक्षा जाती है और नियमित रूप से ध्यान, आसान, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार करती हैं.
हमारी सोच व कार्य को सकारात्मक करता है योग : शालिनी गुप्ता
जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता के अनुसार योग सभी के लिए अत्यंत जरूरी है. यह शरीर को स्वच्छता के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है. साथ ही शारीरिक क्षमता बढ़ती है. योग से हम निरोग भी होते हैं. आज हर इंसान को प्रतिदिन योग करने की जरूरत है. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सरकार का एक सकारात्मक कदम है. लोगों को इसे रोज की आदत बनाने की जरूरत है.
योग से करती हूं दिन की शुरुआत : रंजीता
महिला रंजीता सेठ ने बातचीत में बताया कि मैं हर रोज योग का अभ्यास करती हूं. इससे मैं अपने आप को हमेशा स्वस्थ महसूस करती हूं. मेरी दिन की शुरुआत योग से होती है और नियमित रूप से योग करने से अच्छी नींद भी आती है. पहले कामकाज के बाद जल्द थकान महसूस हेने लगती थी, पर योग व वाकिंग के बाद यह समस्या दूर हो गयी.
एसडीओ व सीएस ने किया योग कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
इधर, योग दिवस की तैयारी में कोडरमा जिला पूरी तरह से रंग गया है. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को मुख्य समारोह कोडरमा प्रखंड मुख्यालय में आयोजित होगा. शिक्षा मंत्री डॉ नीरा यादव के अलावा कई जन प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्वयंसेवी संगठन, विद्यालय व महाविद्यालय की छात्र-छात्राएं भी शामिल होंगे. प्रखंड मैदान में आयोजित होनेवाले योग दिवस कार्यक्रम स्थल का सोमवार को एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार, सिविल सर्जन डॉ बीपी चौरसिया व डॉ मनोज ने निरीक्षण किया. एसडीओ ने बताया कि अगर बारिश होती है, तो शिव वाटिका में भी कार्यक्रम को स्थानांतरित किया जायेगा.
इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा. इसके लिए कोडरमा बीडीओ मिथिलेश चौधरी को दायित्व सौंपा गया है. कार्यक्रम को लेकर प्रखंड मैदान में 25 फीट लंबा व 20 फीट चौड़ा स्टेज का निर्माण किया जा रहा है. राजा टेंट द्वारा यह स्टेज बनाया जा रहा है, जहां 10 हजार लोग एक साथ योग कर सकेंगे. सोमवार की शाम से दो दिवसीय पूर्वाभ्यास शुरू हुआ. इसमें योग शिक्षक के रूप में मनोज कुमार सिन्हा व सहयोगी शिक्षक के रूप में सुरेश कुमार, आकाश सेठ शामिल हुए.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola